अरुणाचल प्रदेश : सड़क दुर्घटना में चार लोगों की मौत
इटानगर, 28 मार्च (हि.स.)। अरुणाचल प्रदेश के अंजॉओ जिलांतर्गत किबिथू सर्कल के याकुंग गांव के पास शनिवार को हुए एक सड़क दुर्घटना में चार लोगों की मौत हो गई और तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
मृतकों की पहचान बिजय ओरांग (41), अनु ओरांग (38), आयुष ओरंग (5) और मीना मुरा (35) के रूप में हुई है।
सूत्रों के अनुसार, घायलों को तत्काल पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
इस बीच, महिला एवं बाल विकास मंत्री दासंगलू पुल ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया।
एक शोक संदेश में, पुल ने कहा कि वह इस घटना से बेहद दुखी हैं और उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने दिवंगत आत्माओं की शांति और परिवारों को इस दुख को सहने की शक्ति देने की ईश्वर से प्रार्थना की।
मंत्री ने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की भी कामना की और अधिकारियों से सभी आवश्यक सहायता प्रदान करने और उचित चिकित्सा देखभाल सुनिश्चित करने का आग्रह किया।
--------------------
हिन्दुस्थान समाचार / तागू निन्गी