आरोग्य मंथन 2026 कल से, जेपी नड्डा करेंगे उद्घाटन

 


नई दिल्ली, 24 सितंबर (हि.स.)। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा शुक्रवार को विज्ञान भवन में आरोग्य मंथन 2026 का उद्घाटन करेंगे। इस आयोजन में आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (एबीपीएम-जेएवाई ) के आठ वर्ष और आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन (एबीडीएम) के पांच वर्ष पूरे होने की उपलब्धियों पर चर्चा होगी।

आरोग्य मंथन 2026 के दौरान डिजिटल स्वास्थ्य और स्वास्थ्य बीमा से जुड़ी कई नई पहलों की शुरुआत की जाएगी। इनमें सिक्योर डेटा एनवायरनमेंट प्रमुख है। इसका उद्देश्य स्वास्थ्य संबंधी डेटा के जिम्मेदार और सुरक्षित इस्तेमाल के लिए बेहतर डिजिटल व्यवस्था तैयार करना है।

स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा गुरुवार को जारी जानकारी के अनुसार एबीपीएम- जे एवाई के तहत 60 करोड़ से अधिक लाभार्थी कवर किए जा चुके हैं। योजना के माध्यम से अबतक 13 करोड़ से अधिक अस्पताल में भर्ती की सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं, जिनकी कुल राशि दो लाख करोड़ रुपये से अधिक है।

70 वर्ष और उससे अधिक उम्र के सभी नागरिकों को योजना के दायरे में शामिल किए जाने से करीब छह करोड़ अतिरिक्त वरिष्ठ नागरिकों को स्वास्थ्य सुरक्षा का लाभ मिला है। इस विस्तार का उद्देश्य बुजुर्गों के लिए इलाज के खर्च को लेकर वित्तीय सुरक्षा मजबूत करना है।

आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के तहत भी डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं का तेजी से विस्तार हुआ है। अब तक 97.8 करोड़ से अधिक आयुष्मान भारत हेल्थ अकाउंट (आभा) बनाए जा चुके हैं। वहीं, 121 करोड़ से अधिक स्वास्थ्य रिकॉर्ड इन डिजिटल खातों से जोड़े जा चुके हैं। डिजिटल स्वास्थ्य व्यवस्था में 11 लाख से अधिक स्वास्थ्य पेशेवर भी जुड़े हैं।

आरोग्य मंथन 2026 में इन उपलब्धियों के साथ-साथ देश में डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार, स्वास्थ्य डेटा के सुरक्षित उपयोग और नागरिकों तक स्वास्थ्य सुविधाओं की पहुंच बढ़ाने से जुड़े अगले चरण पर भी चर्चा होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी