चक्रवात अर्नब से हुए नुकसान का आकलन करने आंध्र प्रदेश पहुंची केंद्रीय टीम

 


अमरावती, 31 अक्टूबर (हि.स.)। केंद्रीय गृह मंत्रालय के संयुक्त सचिव चित्तरंजन दास के नेतृत्व में सात सदस्यीय केंद्रीय टीम चक्रवात अर्नब से हुए नुकसान का आकलन करने आंध्र प्रदेश पहुंची है। मुख्य सचिव साई प्रसाद और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने टीम का स्वागत किया।

रियल टाइम गवर्नेंस सोसाइटी (RTGS) में राज्य के अधिकारियों ने केंद्रीय टीम को नुकसान की सीमा और चक्रवात की स्थिति से निपटने के लिए सरकार द्वारा उठाए गए कदमों के बारे में जानकारी दी।

प्रारंभिक आकलन के अनुसार, चक्रवात अर्नब ने 12 जिलों में अनुमानित 4,764 करोड़ रुपये का नुकसान पहुंचाया है। कोणसीमा और पश्चिम गोदावरी सबसे ज्यादा प्रभावित जिलों में शामिल हैं।

कृषि, मकानों और बुनियादी ढांचे को हुए नुकसान का आकलन करने तथा प्रभावित लोगों से बातचीत करने के लिए केंद्रीय टीम रविवार को भी कोणसीमा, काकीनाडा, पूर्वी गोदावरी और पश्चिम गोदावरी जिलों के चक्रवात प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करने वाली है।

इस बीच, प्रभावित जिलों में राहत और बहाली का काम जारी है। राज्य सरकार ने चक्रवात से जुड़ी घटनाओं में जान गंवाने वालों के परिवारों को 5 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। शुरुआती आकलन से पता चलता है कि धान और नारियल व पाम आयल के बागानों सहित बागवानी फसलों को व्यापक नुकसान पहुंचा है। बिजली आपूर्ति, पेयजल और सड़क संपर्क को प्राथमिकता के आधार पर बहाल किया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dev Kumar Pukhraj