चक्रवाती तूफान का आंध्र प्रदेश के तट पर लैंडफॉल, भारी बारिश और तेज हवा का कहर

 




विजयवाड़ा (आंध्र प्रदेश), 28 अक्टूबर (हि.स.)। चक्रवाती तूफान 'अर्णब' ने आज सुबह राज्य के यानम-काकीनाडा क्षेत्र के पास तट पर लैंडफॉल शुरू कर दिया । भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, लैंडफॉल की प्रक्रिया करीब तीन घंटे तक चलेगी। तूफान बापटला और विशाखापत्तनम के बीच यानम के दक्षिण में तट पार कर रहा है। हवा की गति 125-135 किलोमीटर (किमी) प्रति घंटा है, जबकि झोंके 150 किमी प्रति घंटा तक पहुंच रहे हैं। तेज गति के कारण लैंडफॉल पहले की अपेक्षा जल्दी हो गया।

आंध्र प्रदेश के उत्तरी जिलों में बहुत भारी बारिश हो रही है। विशाखापत्तनम में जलभराव, पेड़ गिरने और बिजली आपूर्ति बाधित होने की खबरें हैं। स्कूल बंद कर दिए गए हैं। कई ट्रेनें और उड़ानें रद्द कर दी गईं। इंडिगो और एयर इंडिया ने विजयवाड़ा और विशाखापत्तनम की उड़ानें प्रभावित होने की चेतावनी दी है। मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने बताया कि राज्य में हजारों लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। 84,000 से अधिक लोगों की निकासी की गई। मछुआरों से समुद्र में न जाने की अपील की गई है।

नायडू ने कहा कि राज्य में 2,199 चक्रवात आश्रय स्थल चिन्हित किए गए हैं और निकासी योजनाएं तैयार हैं। 2,360 गर्भवती महिलाओं को चिकित्सा सुविधाओं में शिफ्ट किया जा चुका है। उन्होंने बताया कि 12 एनडीआरएफ और 10 एसडीआरएफ टीमें तैनात हैं। मछुआरों से समुद्र में न जाने की अपील की गई है। आईएमडी ने आंध्र प्रदेश और ओडिशा के तटीय क्षेत्रों के लिए भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। तूफान के बाद भी कुछ समय तक बारिश और तेज हवाएं जारी रह सकती हैं। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और आधिकारिक अपडेट का पालन करने की सलाह दी है। ओडिशा में भी 16 जिलों में स्कूल बंद हैं और निकासी अभियान चलाया जा रहा है। आईएमडी ने आंध्र प्रदेश, ओडिशा, तेलंगाना और छत्तीसगढ़ के लिए भारी से अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकुंद