तिरुमाला में 11 अक्टूबर से शुरू होगा नवरात्रि ब्रह्मोत्सव, 16 को गरुड़ सेवा

 




-11 अक्टूबर: अंकुरार्पणम के साथ धार्मिक अनुष्ठानों का आगाज-12 अक्टूबर: श्रीवारी नवरात्रि ब्रह्मोत्सव का औपचारिक शुभारंभ-20 अक्टूबर: चक्र स्नान के साथ ब्रह्मोत्सव का समापन

हैदराबाद, 05 अक्टूबर (हि.स.)। आंध्र प्रदेश के विश्व प्रसिद्ध तिरुमाला धाम में अक्टूबर का महीना धार्मिक अनुष्ठानों और उत्सवों से सराबोर रहेगा। तिरुमाला मंदिर में श्रीवारी नवरात्रि ब्रह्मोत्सव, गरुड़ सेवा समेत कई महत्वपूर्ण धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

मंदिर प्रशासन की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार, धार्मिक अनुष्ठानों की शुरुआत 11 अक्टूबर को श्रीवारी नवरात्रि ब्रह्मोत्सव के अंकुरार्पणम (बीजारोपण अनुष्ठान) से होगी। इसके बाद 12 अक्टूबर को नवरात्रि ब्रह्मोत्सव का औपचारिक शुभारंभ होगा।

ब्रह्मोत्सव का प्रमुख आकर्षण 16 अक्टूबर को होने वाली श्रीवारी गरुड़ सेवा होगी। इस अवसर पर भगवान वेंकटेश्वर स्वामी गरुड़ वाहन पर विराजमान होकर श्रद्धालुओं को दर्शन देंगे। गरुड़ वाहन पर भगवान वेंकटेश्वर की भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी।

मंदिर प्रशासन के अनुसार, 20 अक्टूबर को स्वामी पुष्करिणी में पवित्र चक्र स्नान के साथ नवरात्रि ब्रह्मोत्सव का समापन होगा। इसी दिन श्री वेदांत देशिकर सत्तुमुर का आयोजन भी किया जाएगा। 21 अक्टूबर को संत भूदत्त अलवार के वर्षा तिरु नक्षत्रम यानी जयंती के अवसर पर विशेष धार्मिक अनुष्ठान आयोजित होंगे। वहीं, 26 अक्टूबर को शरद पूर्णिमा के अवसर पर नियमित पौर्णमी गरुड़ सेवा के साथ अक्टूबर के प्रमुख धार्मिक आयोजनों का समापन होगा।

इन धार्मिक आयोजनों को देखते हुए अक्टूबर में देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के तिरुमाला पहुंचने की संभावना है। नवरात्रि ब्रह्मोत्सव को ध्यान में रखते हुए तिरुमाला तिरुपति देवस्थानम (टीटीडी) ने श्रद्धालुओं के दर्शन, आवास और सुरक्षा के लिए व्यापक तैयारियां की हैं।------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dev Kumar Pukhraj