राहुल गांधी देश की प्रगति पर विदेश में उठा रहे सवालः अनुराग ठाकुर

 


नई दिल्ली, 21 नवंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी नेता व सांसद अनुराग ठाकुर ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर विदेश में भारत की अर्थव्यवस्था और विकास को लेकर दिए गए उनके बयानों के लिए तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि सत्ता नहीं मिलने की हताशा में राहुल गांधी देश के विश्वास, अस्मिता और विकास को दांव पर लगा रहे हैं।

अनुराग ठाकुर ने मीडिया से बातचीत में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तप, तपस्या और त्याग के माध्यम से देश की सेवा का संकल्प लिया है। उनकी राजनीति का आधार विकास और विश्वास है, जबकि राहुल गांधी की राजनीति निराशा पर टिकी है। उन्होंने कहा कि विश्व बैंक की रिपोर्ट के अनुसार भारत में लगभग 50 करोड़ लोग अत्यधिक गरीबी से बाहर आए हैं।

भारत की आर्थिक प्रगति का उल्लेख करते हुए ठाकुर ने कहा कि अमेरिका की विकास दर 2.3 प्रतिशत और यूरोप की 1.3 प्रतिशत है, जबकि भारत 7.1 प्रतिशत की विकास दर से आगे बढ़ रहा है। आईएमएफ, विश्व बैंक, मूडीज और एसएंडपी ग्लोबल जैसी अंतरराष्ट्रीय एजेंसियां भारत की आर्थिक मजबूती और विकास की सराहना कर रही हैं। इसके बावजूद राहुल गांधी विदेशों में भारत की उपलब्धियों पर सवाल उठाते हैं। उन्होंने सवाल किया कि राहुल गांधी वही बातें क्यों करते हैं, जिन्हें पाकिस्तान में बैठे भारत विरोधी लोग सुनना पसंद करते हैं?

भाजपा सांसद ने कहा कि दिवाली के अवसर पर रिकॉर्ड जीएसटी संग्रह हुआ और अक्टूबर में सात लाख करोड़ रुपये का ऐतिहासिक कारोबार दर्ज किया गया। जापान की क्रेडिट रेटिंग एजेंसी ने 1988 के बाद पहली बार भारत को ट्रिपल ए (AAA) रेटिंग दी है। वहीं, एसएंडपी ग्लोबल ने भारत की रेटिंग ट्रिपल बी माइनस से बढ़ाकर ट्रिपल बी कर दी है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी भारत की तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था की सराहना की है।

रोजगार के मुद्दे पर राहुल गांधी को घेरते हुए अनुराग ठाकुर ने कहा कि देश में कुल बेरोजगारी दर घटकर 4.9 प्रतिशत रह गई है, जो पिछले आठ महीनों का सबसे निचला स्तर है। महिलाओं की बेरोजगारी दर पांच प्रतिशत, ग्रामीण महिलाओं की 3.8 प्रतिशत और शहरी बेरोजगारी दर 8.7 प्रतिशत है। वित्त वर्ष 2025 में 2.60 करोड़ लोग नेट फॉर्मल वर्कफोर्स से जुड़े हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि आंकड़े बता रहे हैं कि देश में रोजगार के अवसर बढ़ रहे हैं और बेरोजगार केवल राहुल गांधी हैं।

अनुराग ठाकुर ने राहुल गांधी से कांग्रेस शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों के बयानों पर भी सवाल किया। उन्होंने कहा कि तेलंगाना के मुख्यमंत्री वर्ष 2047 तक भारत के विकसित राष्ट्र बनने और 30 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने की बात करते हैं। वहीं, कर्नाटक की कांग्रेस सरकार एसआईआर (SIR) सूची के आधार पर सरकारी योजनाओं का लाभ देने की बात करती है। ऐसे में सवाल है कि क्या राहुल गांधी अपने ही मुख्यमंत्रियों के विचारों और बयानों से सहमत नहीं हैं?

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी