राहुल गांधी की भाषा राजनीतिक हताशा दर्शाती है: अनुराग ठाकुर

 


शिमला, 20 मई (हि.स.)। पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं भाजपा सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ की गई कथित अभद्र टिप्पणी की कड़ी निंदा की है।

अनुराग ठाकुर ने बुधवार को जारी बयान में कहा कि राहुल गांधी की भाषा, मानसिकता और व्यवहार उनकी राजनीतिक हताशा और बिगड़ी परवरिश को दर्शाता है।

उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी में लगातार हार के बाद कांग्रेस नेतृत्व बौखलाहट में मर्यादा भूल चुका है। उन्होंने आरोप लगाया कि आत्ममंथन करने के बजाय कांग्रेस अपशब्दों की राजनीति पर उतर आई है।

उन्होंने कहा कि जब भी देश पर कोई संकट आता है, तब राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और राष्ट्रवादी विचारधारा से जुड़े लोग जनता के साथ खड़े दिखाई देते हैं, जबकि राहुल गांधी जैसे नेता कठिन समय में विदेश चले जाते हैं। ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के प्रति हल्की टिप्पणियां राहुल गांधी की राजनीतिक असुरक्षा और घबराहट को दर्शाती हैं।

भाजपा सांसद ने आरोप लगाया कि कांग्रेस और गांधी परिवार ने संविधान को सबसे अधिक नुकसान पहुंचाया है। उन्होंने कहा कि पंडित जवाहरलाल नेहरू की सरकार ने संविधान संशोधन कर मीडिया की आवाज दबाने का प्रयास किया था, जबकि इंदिरा गांधी ने आपातकाल लगाकर लोकतंत्र और संविधान की आत्मा को कुचलने का काम किया।

अनुराग ठाकुर ने कहा कि राहुल गांधी संविधान बचाने की बात करते हैं, लेकिन उन्हें यह भी याद रखना चाहिए कि 1975 में लोकतंत्र की हत्या कांग्रेस शासन में हुई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के खिलाफ भी कांग्रेस ने राजनीतिक षड्यंत्र रचे थे।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस का इतिहास संविधान, लोकतंत्र और दलित सम्मान के खिलाफ रहा है।

उल्लेखनीय है कि अनुराग सिंह ठाकुर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक प्रमुख वरिष्ठ नेता और हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर से सांसद है। वह केंद्र सरकार में सूचना और प्रसारण तथा युवा मामले और खेल मंत्री के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला