वर्ष 1994 बैच एजीएमयूटी कैडर के अधिकारी अनुराग कुमार दिल्ली के नए पुलिस आयुक्त
नई दिल्ली, 17 जुलाई (हि.स.)। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने वर्ष 1994 बैच एजीएमयूटी कैडर के आईपीएस और वरिष्ठ अधिकारी अनुराग कुमार को दिल्ली पुलिस का नया आयुक्त नियुक्त किया है। आज जारी आदेश के अनुसार, उनकी नियुक्ति कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से प्रभावी होगी और अगले आदेश तक वह इस पद पर बने रहेंगे। गृह मंत्रालय के अनुसार, वर्तमान पुलिस आयुक्त सतीश गोलचा (1992 बैच, एजीएमयूटी) नए कमिश्नर के कार्यभार संभालने के बाद आगे की तैनाती के लिए दिल्ली के उपराज्यपाल के समक्ष रिपोर्ट करेंगे।
दिल्ली पुलिस के शीर्ष पद पर हुए इस बदलाव को प्रशासनिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अनुराग कुमार को ऐसे समय राजधानी की कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जब साइबर अपराध, संगठित अपराध, मादक पदार्थों की तस्करी, महिलाओं की सुरक्षा और यातायात प्रबंधन जैसी चुनौतियां लगातार बढ़ रही हैं। नए पुलिस आयुक्त से इन क्षेत्रों में प्रभावी रणनीति और बेहतर पुलिसिंग की अपेक्षा की जा रही है। गृह मंत्रालय के आदेश के बाद दिल्ली पुलिस मुख्यालय में नए नेतृत्व को लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी