अभिनेता अनुपम खेर ने बंगाल भाजपा प्रदेश अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य से की मुलाकात
कोलकाता, 28 जून (हि.स.)। मशहूर फिल्म अभिनेता, निर्देशक एवं निर्माता अनुपम खेर इन दिनों पश्चिम बंगाल दौरे पर हैं। सूत्रों के अनुसार, वह राज्य में फिल्म निर्देशन और प्रोडक्शन से जुड़े कार्यों के सिलसिले में पहुंचे हैं। अपने दौरे के दौरान उन्होंने रविवार को कई महत्वपूर्ण मुलाकातें कीं। रविवार सुबह उन्होंने कालीघाट मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की। इसके बाद शाम को उन्होंने शमिक भट्टाचार्य से मुलाकात की।
मुलाकात के दौरान अनुपम खेर ने विधानसभा चुनाव के समय दिए गए शमिक भट्टाचार्य के एक चर्चित बयान का जिक्र किया। उन्होंने मुस्कुराते हुए पूछा कि चुनाव के दौरान आपने कहा था कि “अनुपम खेर के सिर पर बाल आ सकते हैं, लेकिन दूसरी सरकार नहीं आ सकती” — यह बयान काफी वायरल हुआ था।
इस पर शमिक भट्टाचार्य ने हल्के-फुल्के अंदाज में जवाब देते हुए कहा कि चुनावी माहौल में राजनीतिक भाषणों को लोगों तक अलग तरीके से पहुंचाने के लिए कभी-कभी इस तरह की बातें कही जाती हैं। उन्होंने कहा कि अनुपम खेर पश्चिम बंगाल में बेहद लोकप्रिय हैं और राज्य का बच्चा-बच्चा उन्हें पहचानता है।
शमिक भट्टाचार्य ने मजाकिया अंदाज में आगे कहा कि राजनीति में कुछ भी संभव है, लेकिन चुनावी भाषणों का उद्देश्य लोगों का ध्यान आकर्षित करना होता है। बातचीत के दौरान दोनों के बीच सौहार्दपूर्ण माहौल देखने को मिला।
मुलाकात के अंत में अनुपम खेर ने शमिक भट्टाचार्य को धन्यवाद दिया और राज्य के विकास एवं बेहतर कार्यों के लिए शुभकामनाएं व्यक्त कीं।
-------------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा