आनंदपुर साहिब में तीर्थ यात्रियों के लिए लगाए गए टेंट में लगी आग, 13 टेंट जले

 

- बड़ा हादसा टला, आधा घंटा पहले खाली कर दिए गए थे टेंट

रोपड़, 13 जुलाई (हि.स.)। पंजाब सरकार की मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत आनंदपुर साहिब आने वाले श्रद्धालुओं के लिए लगाए गए टेंटों में सोमवार सुबह आग लग गई। हादसे में 13 टेंट जलकर राख हो गए। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी तरह का जानी नुकसान या किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।

यह घटना सुबह करीब 9 बजे रोपड़ जिले के आनंदपुर साहिब के पास अगमपुर गांव में हुई। श्रद्धालुओं के ठहरने के लिए सरकार की ओर से यहां अस्थायी व्यवस्था की गई थी। साइट पर करीब 250 टेंट लगाए गए थे, जिनमें से 13 टेंट आग की चपेट में आ गए। जिन टेंटों में आग लगी, उनमें ठहरे श्रद्धालु आग लगने से करीब आधा घंटा पहले ही वहां से निकल चुके थे। इसी कारण बड़ा हादसा टल गया। आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल विभाग और स्थानीय प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग को बाकी टेंटों तक फैलने से पहले काबू कर लिया गया।

आनंदपुर साहिब के एसडीएम सुखपाल सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि आग में किसी भी व्यक्ति को नुकसान नहीं पहुंचा है। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण बिजली का शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, हालांकि, सही कारण विस्तृत जांच के बाद ही स्पष्ट होगा। एसडीएम ने बताया कि जिला प्रशासन ने मामले की जांच के लिए अधिकारियों की एक कमेटी गठित कर दी है। यह कमेटी अस्थायी कैंप में बिजली की व्यवस्था और सुरक्षा प्रबंधों की जांच करेगी। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

घटना के बाद अधिकारियों ने कैंप साइट पर सुरक्षा व्यवस्था का भी जायजा लिया।

मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत पंजाब सरकार वरिष्ठ नागरिकों और योग्य लोगों को धार्मिक स्थलों की मुफ्त यात्रा की सुविधा देती है। इस योजना में यात्रा, ठहरने, भोजन और अन्य बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाती हैं। आनंदपुर साहिब को भी इस योजना के प्रमुख धार्मिक स्थलों में शामिल किया गया है।

----------------------------

हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH