अमृतसर में आतंकवादी मॉड्यूल से जुड़े दो गुर्गे गिरफ्तार, हैंड ग्रेनेड बरामद  

 


चंडीगढ़, 09 जून (हि.स.)। अमृतसर ग्रामीण पुलिस ने केंद्रीय एजेंसियों के साथ संयुक्त अभियान में सीमा पार के संचालकों से जुड़े दो व्यक्तियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से दो हैंड ग्रेनेड बरामद किए हैं। दोनों आरोपित आतंकवादी गतिविधि को अंजाम देने के लिए अपने विदेशी हैंडलरों के निर्देशों की प्रतीक्षा कर रहे थे।

पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने मंगलवार को बताया कि गांव चूंघ , तरनतारन निवासी दविंदर सिंह तथा सुरसिंह, तरनतारन निवासी राजविंदर सिंह को गिरफ्तार किया गया है। इनसे हैंड ग्रेनेडों की बरामदगी के अलावा पुलिस टीमों ने उनकी सेडान कार, हुंडई वर्ना को भी जब्त कर लिया है। डीजीपी ने बताया कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि दोनों विदेशी हैंडलरों के संपर्क में थे और उनके निर्देशों पर कार्य कर रहे थे। उन्होंने कहा कि हैंड ग्रेनेडों की बरामदगी सीमावर्ती राज्य में शांति एवं कानून-व्यवस्था को भंग करने की किसी बड़ी साजिश की ओर संकेत करती है। डीजीपी ने कहा कि इस मामले में आगे और पीछे के संबंधों की जांच की जा रही है, ताकि इस नेटवर्क में शामिल अन्य सहयोगियों की पहचान की जा सके।

अमृतसर ग्रामीण के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कँवलप्रीत सिंह चाहल ने बताया कि पुलिस टीमों को विश्वसनीय सूचना मिली थी कि संदिग्ध दविंदर सिंह और राजविंदर सिंह ने सीमा पार से अपने हैंडलरों द्वारा भेजी गई विस्फोटक सामग्री की एक खेप प्राप्त की है और वे राज्य की शांति एवं सौहार्द को भंग करने के उद्देश्य से आतंकवादी गतिविधि को अंजाम देने की साजिश रच रहे हैं। उन्होंने बताया कि सूचना मिलते ही डीएसपी (जांच) गुरिंदरपाल सिंह नागरा तथा डीएसपी (अटारी) यादविंदर सिंह की निगरानी में पुलिस टीमों ने एक गुप्त अभियान चलाया और खासा क्षेत्र से दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। उनकी वर्ना कार की तलाशी के दौरान दो हैंड ग्रेनेड बरामद किए गए।

एसएसपी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि दोनों आरोपित आतंकवादी गतिविधि को अंजाम देने के लिए अपने विदेशी हैंडलरों के निर्देशों की प्रतीक्षा कर रहे थे। उन्होंने बताया कि जांच के दौरान यह भी खुलासा हुआ है कि दोनों आरोपितों का परिचय विदेशी हैंडलर से हरवंत सिंह उर्फ हैरी ने करवाया था, जो वर्तमान में अमृतसर जेल में बंद है। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपित हरवंत सिंह के सहयोगियों तक कई बार हथियार और विस्फोटक सामग्री पहुंचा चुके थे। उन्होंने बताया कि पुलिस टीमों ने अमृतसर जेल से हरवंत सिंह उर्फ हैरी का मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया है और इस संबंध में एक अलग मामला दर्ज करके अगली कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा