वाराणसी–पुणे और अयोध्या–मुंबई के बीच अमृत भारत एक्सप्रेस की शुरुआत, यात्रियों को मिलेगी सस्ती और सीधी सुविधा

 


नई दिल्ली, 28 अप्रैल (हि.स.)।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को वाराणसी जंक्शन से वर्चुअल माध्यम से दो नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इनमें अयोध्या–मुंबई (लोकमान्य तिलक टर्मिनस) साप्ताहिक ट्रेन और बनारस–हडपसर (पुणे) दैनिक ट्रेन शामिल हैं।

अयोध्या–मुंबई अमृत भारत एक्सप्रेस हर मंगलवार को संचालित होगी, जो उत्तर प्रदेश को देश की आर्थिक राजधानी मुंबई से सीधे जोड़ेगी। वहीं बनारस से पुणे के बीच चलने वाली दैनिक सेवा उत्तर भारत के प्रमुख धार्मिक केंद्र को महाराष्ट्र के आईटी और शिक्षा हब से जोड़ेगी।

इन ट्रेनों की शुरुआत से तीर्थयात्रियों, प्रवासी श्रमिकों और मध्यम वर्ग के यात्रियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। अब यात्रियों को लंबी दूरी तय करने के लिए ट्रेन बदलने की आवश्यकता नहीं होगी, जिससे समय और खर्च दोनों की बचत होगी।

अमृत भारत एक्सप्रेस पूरी तरह नॉन-एसी ट्रेनें हैं, लेकिन इनमें आधुनिक सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा गया है। ट्रेनों में जनरल और स्लीपर कोच, पैंट्री कार, दिव्यांगजन-अनुकूल सुविधाएं, सीसीटीवी निगरानी, इमरजेंसी टॉक-बैक सिस्टम और अग्नि सुरक्षा व्यवस्था दी गई है। यात्रियों को बेहतर सीटिंग, यूएसबी चार्जिंग पोर्ट, उन्नत शौचालय और सुरक्षित कोच डिजाइन का लाभ मिलेगा। साथ ही, पुश-पुल तकनीक के तहत ट्रेन के दोनों सिरों पर इंजन लगाए गए हैं, जिससे गति और संचालन क्षमता में सुधार होगा।

महत्वपूर्ण शहरों को जोड़ेंगी सेवाएं

बनारस–पुणे ट्रेन प्रयागराज, झांसी, भोपाल (रानी कमलापति), इटारसी, भुसावल, जलगांव और मनमाड जैसे प्रमुख स्टेशनों से होकर गुजरेगी।

अयोध्या–मुंबई ट्रेन सुल्तानपुर, प्रतापगढ़, प्रयागराज, सतना, जबलपुर, इटारसी, नासिक रोड, कल्याण और ठाणे के रास्ते चलेगी। यह यात्रा करीब 28 घंटे में पूरी होगी।

नई सेवाओं से काशी विश्वनाथ धाम, अयोध्या में श्री राम मंदिर और शिरडी जैसे प्रमुख धार्मिक स्थलों तक पहुंच आसान होगी। इसके अलावा व्यापार, शिक्षा और रोजगार के नए अवसर भी बढ़ेंगे।

रेलवे के अनुसार, इन दोनों ट्रेनों के शुरू होने के साथ देश में अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों की कुल संख्या बढ़कर 66 हो गई है। जहां वंदे भारत एक्सप्रेस प्रीमियम यात्रा का प्रतीक है, वहीं अमृत भारत एक्सप्रेस आम यात्रियों के लिए किफायती, सुरक्षित और आरामदायक यात्रा का नया विकल्प बनकर उभर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी