अमित शाह से डॉ. संजय निषाद की मुलाकात, 2027 चुनाव को लेकर हुई चर्चा

 


नई दिल्ली, 13 नवंबर (हि.स.)। निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री डॉ. संजय निषाद ने शुक्रवार को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से नई दिल्ली स्थित उनके आवास पर शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान निषाद समाज से जुड़े विभिन्न मुद्दों, पार्टी पदाधिकारियों से संबंधित विषयों और आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। डॉ. संजय निषाद ने समाज की मांगों से संबंधित पत्र भी गृहमंत्री को सौंपा।

भेंट के दौरान आगामी 2027 विधानसभा चुनाव में निषाद पार्टी और भारतीय जनता पार्टी के गठबंधन के तहत मिलकर चुनाव लड़ने, जीत की रणनीति और राजनीतिक समीकरणों पर सकारात्मक बातचीत हुई। मीडिया से बात करते हुए डॉ. संजय निषाद ने कहा कि उनका आशीर्वाद और मार्गदर्शन निषाद पार्टी के लिए सदैव महत्वपूर्ण रहा है। उन्होंने कहा कि अमित शाह के साथ हुई मुलाकात में समाज के हितों और संगठन से जुड़े विषयों पर सार्थक चर्चा हुई।

डॉ. संजय निषाद ने विश्वास जताया कि वर्ष 2027 में उत्तर प्रदेश में एनडीए की सरकार प्रचंड बहुमत के साथ बनेगी। उन्होंने कहा कि जब भी दो नेता मिलते हैं, तो राजनीतिक विषयों पर चर्चा होना स्वाभाविक है। आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर हुई बातचीत भी इसी राजनीतिक प्रक्रिया का हिस्सा है।

उन्होंने कहा कि निषाद समाज के हितों की रक्षा और समाज से जुड़े मुद्दों का समाधान पार्टी की प्राथमिकता है। भाजपा के साथ समन्वय और सहयोग के माध्यम से आगामी चुनाव में एनडीए की जीत सुनिश्चित करने की दिशा में सकारात्मक प्रयास किए जा रहे हैं। इस शिष्टाचार भेंट के दौरान निषाद पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक एवं पूर्व सांसद प्रवीण निषाद तथा विधायक सरवन निषाद भी उपस्थित रहे।

---------------------

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी