अमित शाह ने अहमदाबाद को दी 1,400 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात, सरखेज-इस्कॉन ओवरब्रिज जनता को समर्पित

 


अहमदाबाद, 09 नवंबर (हि.स.)। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने सोमवार को अहमदाबाद को विकास कार्यों की बड़ी सौगात देते हुए 1,400 करोड़ रुपये के विभिन्न प्रकल्पों का लोकार्पण और शिलान्यास किया।

इस दौरान उन्होंने 450 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से बने सरखेज-इस्कॉन एलिवेटेड ओवरब्रिज का उद्घाटन कर इसे जनता को समर्पित किया। इसके साथ ही वाडज स्थित रामापीर टेकरा में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बने मकानों के लाभार्थियों को चाबियां सौंपीं।

इस अवसर पर शाह ने कहा कि सरखेज से गांधीनगर पहुंचने में पहले वाहन चालकों को काफी समय लगता था, लेकिन अब ओवरब्रिज शुरू होने से बिना ट्रैफिक सिग्नल के सीधे गांधीनगर पहुंचना संभव होगा। प्रतिदिन दो लाख से अधिक लोगों को इससे आवागमन में सुविधा मिलेगी। एसजी हाइवे पर ट्रैफिक का दबाव कम होगा और वाईएमसीए, प्रह्लादनगर तथा कर्णावती क्लब जंक्शन पर लगने वाले जाम से भी राहत मिलेगी।

उन्होंने रामापीर टेकरा के विकास का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्ष 1985 में जब वे चुनाव का काम करने यहां आते थे, तब इस क्षेत्र की स्थिति बेहद कठिन थी। यहां पीने के पानी, बच्चों की शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाओं का अभाव था। उस समय लगभग 50 से 55 हजार लोग झुग्गी-बस्तियों में रहकर जीवन व्यतीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वर्ष 2007 में मुख्यमंत्री रहते हुए झुग्गी-बस्तियों के निवासियों को पक्के मकान देने की योजना शुरू की थी, जिसे मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल आगे बढ़ा रहे हैं। आज यहां के लोगों को साफ-सुथरे और सुविधायुक्त मकान मिल रहे हैं।

उन्होंने कहा कि इन आवासीय परिसरों में सामाजिक सुरक्षा, मनोरंजन, वाचनालय, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध होंगी। इससे नई पीढ़ी को बेहतर वातावरण मिलेगा और बच्चों को पढ़ाई के लिए प्रोत्साहित किया जा सकेगा। उन्होंने लाभार्थियों से अपने बच्चों को अच्छी शिक्षा दिलाने का आग्रह भी किया।

केंद्रीय गृहमत्री ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि उसने लंबे समय तक देश और गुजरात में शासन किया, लेकिन रामापीर टेकरा जैसे क्षेत्रों की समस्याओं पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया। उन्होंने कहा कि वर्ष 1995 में भाजपा के पहले पार्षद के चुनाव जीतने के बाद इस क्षेत्र में पार्टी को जनसमर्थन मिलना शुरू हुआ। उन्होंने क्षेत्र के विकास को लेकर संतोष व्यक्त किया।

उन्होंने गुजरात को नशामुक्त बनाने का संकल्प दोहराते हुए कहा कि राज्य को 31 दिसंबर 2028 तक ड्रग्स मुक्त बनाने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि नशे से जुड़ी किसी भी गतिविधि की जानकारी हेल्पलाइन नंबर 1033 पर दें। सूचना देने वाले व्यक्ति का नाम गोपनीय रखा जाएगा।

कार्यक्रम के दौरान अमित शाह ने जोधपुर में नवनिर्मित 'नॉलेज हब' और गोटा में अर्बन हेल्थ सेंटर का भी उद्घाटन किया। इसके अलावा उन्होंने जसपुर वाटर ट्रीटमेंट प्लांट का भूमिपूजन किया। उन्होंने कहा कि पश्चिमी अहमदाबाद में बढ़ती आबादी को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने की दिशा में यह परियोजना महत्वपूर्ण साबित होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे