अमित शाह 16 अगस्त को अलवर दौरे पर, नए डेयरी प्लांट की रखेंगे आधारशिला
अलवर, 09 अगस्त (हि.स.)। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह 16 अगस्त को अलवर दौरे पर रहेंगे। इस दौरान विजय नगर मैदान में कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा भी मौजूद रहेंगे। केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव ने रविवार को अलवर में प्रेस वार्ता कर अमित शाह के दौरे और प्रस्तावित कार्यक्रम की जानकारी दी।
भूपेंद्र यादव ने बताया कि 16 अगस्त को अलवर सरस डेयरी के लिए महत्वपूर्ण दिन होगा। अमित शाह नए डेयरी प्लांट की आधारशिला रखेंगे। लंबे समय से अलवर डेयरी की क्षमता बढ़ाने और नए प्लांट की मांग की जा रही थी। राज्य सरकार ने इसके लिए करीब 250 करोड़ रुपये का बजट आवंटित किया है। इस दौरान करीब 700 करोड़ रुपये के विभिन्न विकास कार्यों का शिलान्यास और लोकार्पण होगा।
भूपेंद्र यादव ने कहा कि नए प्लांट के शुरू होने के बाद सरस डेयरी की क्षमता में बड़ा इजाफा होगा। वर्तमान उत्पादों के साथ भविष्य में चॉकलेट और अन्य नए डेयरी उत्पाद तैयार करने की दिशा में भी काम किया जा सकेगा। इससे दुग्ध समितियों का विस्तार होगा और किसानों एवं पशुपालकों को भी इसका लाभ मिलेगा। उन्होंने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का आभार जताते हुए कहा कि सरकार ने डेयरी क्षेत्र को मजबूत करने के लिए बड़ी राशि उपलब्ध कराई है।
केंद्रीय मंत्री ने बताया कि अलवर में मेडिकल शिक्षा के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण उपलब्धि होने जा रही है। 16 अगस्त को पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि भी है। उन्होंने बताया कि अलवर के दूसरे मेडिकल कॉलेज का नाम सरकार अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर करने जा रही है। उन्होंने कहा कि अलवर में दो मेडिकल कॉलेजों की उपलब्धता जिले के लिए बड़ी बात है। ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज का पहले ही लोकार्पण हो चुका है।
भूपेंद्र यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व वाली सरकार ने अपने दो साल के कार्यकाल में बड़ी संख्या में युवाओं को सरकारी नौकरी और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए हैं। उन्होंने बताया कि सरकार की ओर से करीब 1.78 लाख नियुक्तियां किए जाने की जानकारी दी गई है। आने वाले समय में भी रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने पर सरकार का फोकस रहेगा।
अमित शाह के अलवर दौरे को लेकर सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी की जा रही है। भूपेंद्र यादव ने बताया कि अमित शाह हेलीकॉप्टर के जरिए विजय नगर मैदान पहुंचेंगे। इसके लिए विजय नगर मैदान में ही हेलीपैड तैयार किया जाएगा। कार्यक्रम को देखते हुए पुलिस और प्रशासन की ओर से सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। अमित शाह की सभा में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना है। भाजपा संगठन की ओर से भी कार्यक्रम को सफल बनाने की तैयारियां की जा रही हैं। पार्टी पदाधिकारी विभिन्न सामाजिक संगठनों और जनप्रतिनिधियों से संपर्क कर रहे हैं। इसके साथ ही सभा में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए बैठकों का दौर जारी है।
-----------------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार