जम्मू से बालटाल के लिए 1,795 अमरनाथ तीर्थयात्री रवाना
जम्मू, 30 जुलाई (हि.स.)। अमरनाथ यात्रा के लिए 1,795 तीर्थयात्री गुरुवार तड़के जम्मू से बालटाल के लिए रवाना हुए। इस बीच बालटाल से 1,943 यात्री जम्मू लौटे । अधिकारियों ने बताया कि कड़ी सुरक्षा के बीच 1,795 लोगों को भगवती नगर यात्री निवास से बालटाल बेस कैंप के लिए रवाना किया गया। पहलगाम रूट से आज किसी के भी यात्रा करने का कार्यक्रम नहीं है।
संयुक्त पुलिस नियंत्रण कक्ष जम्मू के अनुसार 23वां जत्था तड़के 2:44 बजे 83 वाहनों के माध्यम से रवाना हुआ। इनमें 41 बसें, 11 मध्यम मोटर वाहन, 30 हल्के मोटर वाहन और एक दोपहिया वाहन शामिल है। जत्थे में 1,406 पुरुष और 389 महिला तीर्थयात्री शामिल हैं। तीर्थयात्रियों के साथ एस्कॉर्ट वाहन और एक एम्बुलेंस भी चल रही है।
अधिकारियों के अनुसार, इस जत्थे के रवाना होने के साथ ही वार्षिक यात्रा के लिए जम्मू के भगवती नगर बेस कैंप से रवाना होने वाले तीर्थयात्रियों की कुल संख्या 1,34,201 हो गई है। इस बीच 1,943 तीर्थयात्रियों को लेकर लौटने वाला 22वां जत्था गुरुवार को बालटाल बेस कैंप से जम्मू के लिए रवाना हुआ। इनमें 1,413 पुरुष तीर्थयात्री, 392 महिला तीर्थयात्री, 12 बच्चे, 97 साधु और 29 साध्वियां शामिल हैं। पवित्र अमरनाथ गुफा मंदिर की सालाना तीर्थयात्रा सुचारू रूप से चल रही है। जम्मू-श्रीनगर नेशनल हाइवे और बालटाल मार्ग पर सुरक्षा और ट्रैफिक मैनेजमेंट का कड़ा इंतजाम किया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह