तमिलनाडु सीएम का डीपफेक वीडियो बनाने वाला आरोपित अलवर से गिरफ्तार, ठगी में इस्तेमाल मोबाइल बरामद
अलवर, 16 सितंबर (हि.स.)। अलवर पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ कार्रवाई करते हुए तमिलनाडु के मुख्यमंत्री का डीपफेक वीडियो बनाकर ठगी करने वाले आरोपित को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपित अलवर जिले के लक्ष्मणगढ़ थाना क्षेत्र के बूटोली गांव का रहने वाला है।
पुलिस अधीक्षक सुधीर चौधरी ने बताया कि 11 सितम्बर को तमिलनाडु पुलिस क्राइम ब्रांच से अनुरोध प्राप्त हुआ था। इसमें बताया गया कि लक्ष्मणगढ़ थाना क्षेत्र के बूटोली गांव के किसी आरोपित द्वारा तमिलनाडु के मुख्यमंत्री का डीपफेक वीडियो बनाकर ठगी की जा रही है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अलवर डॉ. प्रियंका रघुवंशी के निर्देशन में डीएसपी दिलीप मीणा के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम को आरोपित की पहचान कर उसे गिरफ्तार करने तथा तमिलनाडु पुलिस को सुपुर्द करने के निर्देश दिए गए।
पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 12 सितम्बर को आरोपित को ठगी में इस्तेमाल मोबाइल फोन सहित गिरफ्तार कर लिया। मौके पर मौजूद तमिलनाडु पुलिस क्राइम ब्रांच की टीम को आरोपित को सौंप दिया गया। इस कार्रवाई के दौरान अलवर पुलिस की टीम ने तमिलनाडु पुलिस की अनुसंधान प्रक्रिया में सहयोग करते हुए ट्रांजिट वारंट प्राप्त करने में भी सहायता की।
पुलिस के अनुसार आरोपित डीपफेक वीडियो तैयार कर उसका इस्तेमाल लोगों से आर्थिक सहायता मांगने के लिए करता था। वीडियो के जरिए गरीब बच्चों की शिक्षा, चिकित्सा और अन्य सहायता के नाम पर वित्तीय मदद मांगी जाती थी और राशि अपने खाते में प्राप्त की जाती थी।
गिरफ्तार आरोपित की पहचान सायबू खान पुत्र जुहरू खान, उम्र 25 वर्ष, निवासी बूटोली, थाना लक्ष्मणगढ़, जिला अलवर के रूप में हुई है। पुलिस ने ठगी में इस्तेमाल एक मोबाइल फोन बरामद किया है।
अलवर पुलिस के अनुसार पिछले एक वर्ष में विभिन्न मामलों में आरोपितों को दूसरे राज्यों की पुलिस को सौंपने की कार्रवाई की गई है। पुलिस साइबर अपराधों के खिलाफ लगातार कार्रवाई और जीरो टॉलरेंस नीति पर काम कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार