आलोक तिवारी को डीएफसीसीआईएल के एमडी का अतिरिक्त प्रभार
नई दिल्ली, 06 अक्टूबर (हि.स.)। डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (डीएफसीसीआईएल) के प्रबंध निदेशक (एमडी) का अतिरिक्त प्रभार रेलवे बोर्ड के एडिशनल मेंबर (ब्रिज) आलोक तिवारी को सौंपा गया है। उन्होंने सोमवार को कार्यभार ग्रहण किया।
डीएफसीसीआईएल की विज्ञप्ति के अनुसार 1988 बैच के भारतीय रेलवे इंजीनियरिंग सेवा (आईआरएसई) के अधिकारी तिवारी को रेलवे में 36 वर्ष से अधिक का अनुभव है। उन्होंने रेलवे अवसंरचना, परियोजना क्रियान्वयन, निर्माण, सुरक्षा और माल ढुलाई संचालन के क्षेत्र में काम किया है तथा एक हजार किलोमीटर से अधिक रेलवे अवसंरचना के निर्माण एवं कमीशनिंग में प्रत्यक्ष भूमिका निभाई है।
तिवारी दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे में मुख्य प्रशासनिक अधिकारी, दक्षिण पश्चिम रेलवे में प्रधान मुख्य संरक्षा अधिकारी, गुंतकल में मंडल रेल प्रबंधक और आरवीएनएल में मुख्य परियोजना प्रबंधक-सह-समूह महाप्रबंधक जैसे महत्वपूर्ण पदों पर रह चुके हैं।
कार्यभार संभालने के बाद उन्होंने डीएफसीसीआईएल मुख्यालय में समीक्षा बैठक की, जिसमें माल गलियारे के संचालन, निर्माण, रखरखाव, सुरक्षा, परिसंपत्तियों की विश्वसनीयता और परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। प्रस्तावित ईस्ट-वेस्ट डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर के संरेखण और आगे की योजना पर भी चर्चा हुई।
तिवारी ने रखरखाव में मशीनीकरण और स्वचालन बढ़ाने, आधुनिक निर्माण पद्धतियां अपनाने तथा परिसंपत्तियों के प्रदर्शन में सुधार के लिए कृत्रिम बुद्धिमत्ता और डिजिटल तकनीक के उपयोग पर जोर दिया। उन्होंने महत्वपूर्ण परियोजना आंकड़ों और ड्रॉइंग का डिजिटल भंडार तैयार करने तथा गुणवत्ता और समयबद्ध क्रियान्वयन पर ध्यान देने का भी आह्वान किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार