गुजरात में अति भारी बारिश का अलर्ट, सौराष्ट्र और दक्षिण गुजरात के 15 से अधिक जिलों में चेतावनी

 


अहमदाबाद, 04 जुलाई (हि.स.)। गुजरात में मानसून अब पूरी तरह सक्रिय हो गया है। सौराष्ट्र और दक्षिण गुजरात के कई इलाकों में लगातार हो रही भारी बारिश से जलभराव की स्थिति बन गई है। 4 जुलाई को सुबह 6 बजे से शाम 4 बजे तक राज्य के 105 तहसीलों में बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक बारिश भावनगर जिले के महुवा में हुई, जहां मात्र दो घंटे में 3 इंच से अधिक वर्षा रिकॉर्ड की गई।

भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने 9 जुलाई तक राज्य के कई हिस्सों में भारी से अति भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। 5 जुलाई को 8 जिलों में रेड अलर्ट जारी किया है। इनमें गिर सोमनाथ, अमरेली, भावनगर, सूरत, तापी, डांग, नवसारी और वलसाड शामिल हैं। इसके अलावा जूनागढ़, राजकोट, भरूच, वडोदरा, नर्मदा और छोटा उदयपुर के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है जबकि पोरबंदर,बोटाद, आनंद, पंचमहल और दाहोद के

लिए येलो अलर्ट है।

6 जुलाई की चेतावनी में सूरत, तापी, डांग, नवसारी और वलसाड रेड अलर्ट और गिर सोमनाथ, अमरेली, भावनगर, भरूच और नर्मदा ऑरेंज अलर्ट तथा जूनागढ़, राजकोट, वडोदरा, छोटा उदयपुर, दाहोद और पंचमहल के लिए येलो अलर्ट है। 7 जुलाई की चेतावनी नवसारी और वलसाड रेड अलर्ट और सूरत, तापी व डांग ऑरेंज अलर्ट तथा अमरेली, भावनगर, गिर सोमनाथ, भरूच और नर्मदा येलो अलर्ट है।

8 और 9 जुलाई को नवसारी, डांग, तापी, वलसाड, अमरेली और भावनगर जिलों में गरज-चमक के साथ भारी बारिश की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है।

मछुआरों के लिए विशेष चेतावनी

गुजरात के समुद्री तट पर अगले पांच दिनों तक तेज हवाएं और ऊंची लहरें उठने की संभावना है। इसे देखते हुए भारतीय मौसम विभाग ने 8 जुलाई तक फिशरमैन वार्निंग जारी की है। इंडियन नेशनल सेंटर फॉर ओशन इन्फॉर्मेशन सर्विसेज (आईएनसीओआईएस) ने भी हाई वेव अलर्ट जारी करते हुए बताया है कि देवभूमि द्वारका, गिर सोमनाथ, जूनागढ़ और पोरबंदर के समुद्र में 3.2 से 3.5 मीटर तक ऊंची लहरें उठ सकती हैं। वहीं कच्छ के समुद्री क्षेत्र में 3.0 से 3.1 मीटर तक ऊंची लहरों की संभावना जताई गई है। इस स्थिति को देखते हुए सभी बंदरगाहों पर लोकल कॉशनरी सिग्नल नंबर-3 (LC-III) लगाया गया है। तटीय क्षेत्रों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है और मछुआरों को इस अवधि में समुद्र में नहीं जाने की सख्त सलाह दी गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे