अक्षय पात्र ने जिनेवा में संयुक्त राष्ट्र के विकास संवाद में लिया भाग
नई दिल्ली, 25 नवंबर (हि.स.)। अक्षय पात्र फाउंडेशन ने जिनेवा स्थित संयुक्त राष्ट्र के पैलेस ऑफ नेशंस में आयोजित ‘डेवलपमेंट डायलॉग्स’ में भाग लिया। इस दौरान फाउंडेशन ने ‘रिस्पॉन्सिबिलिटी बाय डिजाइन: प्रॉमिसिंग बिजनेस प्रैक्टिसेज’ विषय पर आयोजित पैनल चर्चा में अपने विचार रखे। यह चर्चा संयुक्त राष्ट्र के बिजनेस एंड ह्यूमन राइट्स फोरम के अवसर पर आयोजित की गई।
कार्यक्रम की मेजबानी विकास के अधिकार पर संयुक्त राष्ट्र के विशेष प्रतिवेदक प्रो. सूर्या देवा ने की। पैनल चर्चा में अक्षय पात्र फाउंडेशन के कार्यकारी निदेशक (रणनीति एवं अंतरराष्ट्रीय मामले) नवीन नीरद दास ने भाग लिया।
नवीन नीरद दास ने कहा कि स्कूली बच्चों को भोजन उपलब्ध कराना केवल एक कल्याणकारी पहल नहीं, बल्कि एक सुनियोजित सामाजिक प्रयास है। यह बच्चों को पोषण सुरक्षा प्रदान करने के साथ सामाजिक सुरक्षा का माध्यम भी बनता है। अक्षय पात्र पिछले 26 वर्षों से केंद्र सरकार की प्रमुख पीएम पोषण (मध्याह्न भोजन) योजना के क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
उन्होंने कहा कि अक्षय पात्र एक सफल और समय की कसौटी पर खरा उतरा सार्वजनिक-निजी भागीदारी (पीपीपी) मॉडल है। इसमें सरकार, गैर-लाभकारी और लाभकारी क्षेत्र मिलकर भूख की समस्या के समाधान के लिए काम करते हैं। प्रत्येक बच्चे को दिया जाने वाला भोजन एक टिकाऊ भविष्य में निवेश है।
उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि ऐसे सफल व्यावसायिक संस्थानों के उदाहरणों को प्रोत्साहित किया जाना चाहिए, जिन्होंने मानवाधिकारों और पर्यावरणीय जिम्मेदारियों को अपने व्यावसायिक मॉडल का हिस्सा बनाते हुए लाभप्रदता भी बनाए रखी है। इससे अन्य संस्थानों को भी जिम्मेदार और टिकाऊ कार्यप्रणाली अपनाने की प्रेरणा मिलेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी