सपा ने जारी किया चुनावी घोषणा पत्र, पुरानी पेंशन की बहाली, बेरोजगारों को पांच हजार मासिक भत्ता, किसानों की कर्जमाफी का भी वादा
लखनऊ, 26 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 के लिए समाजवादी पार्टी (सपा) ने अपने चुनावी एजेंडे में युवाओं, किसानों, कर्मचारियों और महिलाओं से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता दी है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने संविधान दिवस पर गुरुवार को चुनावी घोषणा-पत्र(सत्ताईस का संकल्प) जारी करते हुए पुरानी पेंशन योजना की बहाली, बेरोजगार युवाओं को हर महीने पांच हजार रुपये भत्ता, किसानों की कर्जमाफी और शहरी क्षेत्रों में 300 यूनिट मुफ्त बिजली देने का वादा किया। घोषणा-पत्र में रोजगार, सामाजिक सुरक्षा, कृषि, स्वास्थ्य और कानून-व्यवस्था को लेकर कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव शामिल किए गए हैं।
कर्मचारियों को साधने के लिए सपा ने पुरानी पेंशन व्यवस्था बहाल करने का वादा किया है। वहीं, युवाओं के लिए पांच वर्षों में 25 लाख सरकारी नौकरियां देने और दो से तीन करोड़ युवाओं को अन्य क्षेत्रों में रोजगार उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा है। 12वीं पास विद्यार्थियों को लैपटॉप देने तथा पांच रुपये में भोजन उपलब्ध कराने के लिए समाजवादी कैंटीन शुरू करने की भी घोषणा की गई है।
अखिलेश यादव ने घोषणा पत्र में कृषि क्षेत्र में किसानों की कर्जमाफी, 23 फसलों और दूध के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) की गारंटी तथा गन्ना किसानों को 24 घंटे के भीतर भुगतान सुनिश्चित करने का वादा किया है। बुजुर्ग महिलाओं को सालाना 40 हजार रुपये पेंशन देने का प्रस्ताव भी रखा गया है।
कानून-व्यवस्था और भूमि विवादों पर सख्त रुख अपनाने का संकेत देते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि सरकार बनने पर गुंडागर्दी, माफियागिरी, अवैध वसूली, धमकी और महिलाओं के खिलाफ अपराधों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जमीनों पर अवैध कब्जे रोकने के लिए अलग विशेष कार्यबल (एसटीएफ) गठित करने की घोषणा की गई है। यह कार्यबल विशेष रूप से गरीबों, दलितों और अल्पसंख्यकों की जमीनों को कब्जे से बचाने के लिए काम करेगा। अखिलेश ने कहा कि अपराधी किसी भी जाति, धर्म या राजनीतिक दल से जुड़ा हो, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
बुनियादी ढांचे के विकास के तहत तहसील स्तर तक फोरलेन सड़कों का संपर्क उपलब्ध कराने का वादा किया गया है। स्वास्थ्य सेवाओं के मोर्चे पर गरीबों और पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) वर्ग के लोगों को मुफ्त उपचार, दवाएं, भोजन और आवासीय सुविधा देने की बात कही गई है। लखनऊ स्थित कैंसर संस्थान को पूरी क्षमता से संचालित करने, वहां शोध गतिविधियां शुरू कराने और गरीब मरीजों का मुफ्त इलाज सुनिश्चित करने का प्रस्ताव भी घोषणा-पत्र में शामिल हैं। इस दौरान आजम खान, राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव, प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल, सांसद डिंपल यादव समेत पार्टी के नेतागण एवं कार्यकर्ता आदि मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा