प्रधानमंत्री मोदी पीओके को मुक्त कराकर एक और राजनीतिक भूल सुधारें : अजमेर शरीफ दरगाह के दीवान

 


अजमेर, 11 जून (हि.स.)। अजमेर स्थित अजमेर शरीफ दरगाह के दीवान सैयद जैनुअल आबेदीन अली खान ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) को मुक्त कराने की दिशा में निर्णायक कदम उठाने की अपेक्षा व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने अपने कार्यकाल में कई महत्वपूर्ण निर्णय लेकर पूर्व की राजनीतिक भूलों को सुधारने का प्रयास किया है और उन्हें उम्मीद है कि पीओके के मुद्दे पर भी ऐसा ही कदम उठाया जाएगा।

गुरुवार को अजमेर में मीडिया से बातचीत करते हुए दरगाह दीवान ने कहा कि पीओके में लोगों के साथ हो रहे व्यवहार से पाकिस्तान का वास्तविक चेहरा उजागर हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि वहां आम नागरिकों की आवाज दबाने का प्रयास किया जा रहा है तथा महिलाओं, बच्चों और युवाओं के साथ कठोर व्यवहार की खबरें सामने आ रही हैं। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान स्वयं को इस्लामिक देश बताता है, लेकिन यदि ऐसी घटनाएं हो रही हैं तो वे इस्लाम की शिक्षाओं के अनुरूप नहीं हैं। उनके अनुसार पीओके के हालात अंतरराष्ट्रीय समुदाय के सामने पाकिस्तान की नीतियों को उजागर कर रहे हैं। दरगाह दीवान ने कहा कि पाकिस्तान का पीओके पर कब्जा समाप्त होना चाहिए। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि देशहित से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्णय उनके कार्यकाल में लिए गए हैं। उन्होंने आशा व्यक्त की कि पीओके के संबंध में भी भारत के हित में उचित निर्णय लिया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष