एयर इंडिया के सीईओ का इस्तीफा, उत्तराधिकारी की तलाश के लिए समिति का गठन
नई दिल्ली, 07 अप्रैल (हि.स)। टाटा की अगुवाई वाली एयरलाइन एयर इंडिया के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) एवं प्रबंध निदेशक (एमडी) कैंपबेल विल्सन ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। एयरलाइन ने उनके उत्तराधिकारी की तलाश के लिए एक समिति का गठन किया है।
एयरलाइन के अनुसार नए उत्तराधिकारी की घोषणा होने तक विल्सन सीईओ एवं प्रबंध निदेशक के पद पर बने रहेंगे। एयरलाइन ने कहा कि विल्सन ने 2024 में ही एयर इंडिया के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन को 2026 में पद छोड़ने की अपनी इच्छा से अवगत करा दिया था। तब से वह यह सुनिश्चित करने के लिए काम कर रहे हैं कि संगठन और नेतृत्व दल बदलाव के लिए स्थिर स्थिति में हो।
एयर इंडिया ने बताया कि कंपनी के निदेशक मंडल ने आने वाले महीनों में नए प्रमुख की नियुक्ति के लिए एक समिति का गठन किया है, जो उनके उत्तराधिकारी की तलाश करेगी। न्यूजीलैंड मूल के कैंपबेल विल्सन पिछले चार साल से टाटा समूह के स्वामित्व वाली एयर इंडिया एयरलाइन के सीईओ एवं प्रबंध निदेशक के रूप में कार्य कर रहे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर