रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह रविवार को आगरा में महाराणा प्रताप की मूर्ति का करेंगे अनावरण
- प्रतिमा अनावरण के बाद रक्षा मंत्री विशाल जनसभा को करेंगे संबोधित
आगरा , 13 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के आगरा जिले में जिला पंचायत की ओर से लगाई गई वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की मूर्ति का अनावरण रविवार को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह करेंगे। इस कार्यक्रम के बाद वे एक विशाल जनसभा को भी संबोधित करेंगे।
तय कार्यक्रम के अनुसार, रविवार को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह दोपहर बाद करीब 2:30 बजे आगरा के एयर फोर्स स्टेशन पहुंचेंगे। वहां से सुरक्षा के बीच उनका काफिला सीधे आगरा के थाना क्षेत्र शमशाबाद अंतर्गत ग्राम सिकतरा, सलोनी ऑयल मिल के सामने पहुंचेगा। यहां रक्षा मंत्री जिला पंचायत द्वारा स्थापित कराई वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की प्रतिमा का अनावरण करेंगे। इस अवसर पर जनपद के सभी जनप्रतिनिधि, जिला पंचायत अध्यक्ष सहित भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहेंगे।
प्रतिमा के अनावरण के बाद रक्षा मंत्री सांय करीब 4 बजे ए.पी. इंटर कॉलेज शमशाबाद के मैदान में एक किसान, जवान, महिला स्वाभिमान रैली/जनसभा को संबोधित करेंगे। भाजपा जिलाध्यक्ष और स्थानीय जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ पदाधिकारी जनसभा की सफलता के लिए की जी-जान से जुटे हुए हैं।
भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत पूनिया ने शनिवार को बताया कि रक्षा मंत्री के आगमन पर प्रतिमा अनावरण और जनसभा स्थल पर तैयारी पूरी कर ली गई हैं। हम लोग गर्मजोशी से उनका स्वागत करेंगे। वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की प्रतिमा का अनावरण रक्षा मंत्री के हाथों किया जाना हम लोगों के लिए सौभाग्य की बात है।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम स्थल आगरा में फतेहाबाद विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आता है। वर्तमान में फतेहाबाद विधानसभा क्षेत्र से छोटेलाल वर्मा भाजपा से विधायक हैं। इसी क्षेत्र से भाजपा के कद्दावर नेता पूर्व विधायक डा. राजेंद्र सिंह की पुत्रवधु मंजू भदौरिया जिला पंचायत अध्यक्ष हैं। आगरा में दो संसदीय क्षेत्र सम्मलित हैं। आगरा और फतेहपुर सीकरी। आगरा से केंद्रीय मंत्री एसपी सिंह बघेल और फतेहपुर सीकरी से भाजपा के किसान प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजकुमार चाहर सांसद हैं। आगरा जनपद के अंतर्गत आने वाली 09 विधानसभा क्षेत्रों के सभी विधायक भाजपा के ही हैं। पार्टी शमशाबाद में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की रैली आयोजित कर आगामी विधानसभा चुनाव के लिए एक दमदार प्लेटफॉर्म तैयार कर अपनी मजबूती का दूरगामी संकेत देना चाहती है। इसलिए रैली की सफलता को सुनिश्चित माना जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विवेक उपाध्याय