मुख्यमंत्री नीतीश से मुलाकात के बाद उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा मिले राज्यपाल से
पटना, 11 अप्रैल (हि.स.)। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के द्वारा राज्यसभा की सदस्यता शुक्रवार को लेने के बाद शनिवार को बिहार के दोनों उपमुख्यमंत्री सहित उनके मंत्रिमंडल के सहयोगियों ने देर शाम तक उनसे मुलाकात की । सबसे खास बात यह देखने को मिली कि नीतीश से मुलाकात के बाद उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा राज्यपाल से भी मिले।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार शुक्रवार को राज्यसभा का शपथ ग्रहण करने के बाद दिल्ली से पटना आये हैं और शनिवार को सुबह से ही उनके आवास पर नेताओं का आना जाना शुरू हो गया है। शनिवार की शाम बिहार के दोनों उप मुख्यमंत्री विजय सिन्हा और सम्राट चौधरी भी सीएम आवास पहुंचे। कुछ देर के बाद एक एक कर दोनों नेता बाहर निकले और फिर विजय सिन्हा लोक भवन पहुंचे। विजय सिन्हा लोक भवन में राज्यपाल से मुलाकात करने के बाद वापस अपने आवास लौट गए।
विजय सिन्हा लोक भवन क्या करने पहुंचे थे और राज्यपाल से क्या बातचीत हुई इसकी जानकारी अभी नहीं मिल सकी है। लेकिन कयासों का दौर काफी तेज हो गया है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार नीतीश 14 अप्रैल को अपने पद से इस्तीफा देंगे तथा 15 अप्रैल को नए मुख्यमंत्री अपने कैबिनेट के साथ शपथ लेंगे। हालांकि अभी तक यह तय नहीं हो सका है कि मुख्यमंत्री किसे बनाया जायेगा लेकिन रेस में कई नेताओं का नाम आगे आ रहा है।
खबर मिल रही है कि नई कैबिनेट के शपथ ग्रहण को लेकर अधिकारियों को निर्देश जारी कर दिया गया वहीं यह भी खबर मिल रही है कि शपथ ग्रहण में पीएम और गृह मंत्री शामिल नहीं होंगे। हालांकि अभी इस बात की पुष्टि नहीं हुई है।
------------------
हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी