अद्वैता काला प्रसार भारती की प्रधान सलाहकार नियुक्त
नई दिल्ली, 15 नवंबर (हि.स.)। देश के सार्वजनिक प्रसारक 'प्रसार भारती' ने लेखिका, पुरस्कार विजेता पटकथा लेखक और स्तंभकार अद्वैता काला को अपना प्रधान सलाहकार नियुक्त किया है। मूल रूप से उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के सुमाड़ी गांव की अद्वैता काला ने साहित्य, सिनेमा और पत्रकारिता के क्षेत्र में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है।
काला को मुख्य रूप से विद्या बालन अभिनीत बहुचर्चित हिंदी फिल्म 'कहानी' की पटकथा लिखने के लिए जाना जाता है। इस फिल्म के लिए उन्हें 'स्क्रीन अवार्ड' और 'जी सिने अवार्ड' सहित कई प्रतिष्ठित पुरस्कारों से सम्मानित किया गया था। इसके अलावा, उनका उपन्यास 'ऑलमोस्ट सिंगल' एक सर्वाधिक बिकने वाली पुस्तक रहा है, जिसका प्रकाशन अमेरिका और फ्रांस जैसे देशों में भी किया गया है।
साहित्य और सिनेमा के साथ-साथ वह एक सक्रिय स्तंभकार और राजनीतिक-सामाजिक विश्लेषक भी हैं। वह नियमित रूप से विभिन्न राष्ट्रीय समाचार पत्रों और टेलीविजन मंचों के माध्यम से समसामयिक विषयों पर अपने विचार साझा करती रहती हैं। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर सफलता हासिल करने के बावजूद अद्वैता काला का अपनी जन्मभूमि से गहरा जुड़ाव रहा है।
वैश्विक महामारी कोविड-19 के दौरान उन्होंने 'प्रोजेक्ट भुली' नामक पहल के माध्यम से पौड़ी गढ़वाल के विभिन्न गांवों और स्थानीय समुदायों तक राहत एवं सहायता पहुंचाने का महत्वपूर्ण कार्य किया था। प्रसार भारती में उनकी इस नियुक्ति को साहित्य, सिनेमा, पत्रकारिता और जनसंचार के क्षेत्र में उनके व्यापक अनुभव का लाभ उठाने वाले एक महत्वपूर्ण कदम के रूप में देखा जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी