अडाणी मुंद्रा एयरपोर्ट पर कमर्शियल उड़ान शुरू, कच्छ को मुंबई और गोवा से जोड़ा
मुंद्रा (गुजरात), 23 जून (हि.स)। अडाणी मुंद्रा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर मंगलवार को पहली कमर्शियल फ्लाइट की सफल लैंडिंग के साथ नियमित उड़ान सेवा की शुरुआत हो गई। गोवा से स्टार इंडिया की फ्लाइट के लैंड करने पर वाटर कैनन सलामी के साथ भव्य स्वागत किया गया। अडाणी एयरपोर्ट होल्डिंग्स लिमिटेड (एएएचएल) के डायरेक्टर जीत अडाणी ने मुंद्रा एयरपोर्ट के नए बने टर्मिनल का उद्घाटन भी किया।
एएएचएल के डायरेक्टर जीत अडाणी ने मुंद्रा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से कमर्शियल उड़ानों की शुरुआत होने पर खुशी जताते हुए इसे एक ऐतिहासिक दिन बताया है। उन्होंने कहा कि इस हवाई सेवा की शुरुआत होने से मुंद्रा के लोकल बिजनेस और टूरिज्म दोनों को एक बहुत बड़ा बूस्ट मिलेगा। जीत अडाणी ने बताया कि पहले मुंद्रा तक पहुंचने के लिए लोगों को एक या दो जगह रुककर एक लंबा सफर तय करना पड़ता था, लेकिन अब इस डायरेक्ट फ्लाइट सर्विस की वजह से यात्रियों का वह लंबा समय बहुत कम हो गया।
जीत अडाणी ने कहा कि अडाणी मुंद्रा एयरपोर्ट से वाणिज्यिक उड़ानें शुरू होने के बाद अडाणी मुंद्रा एयरपोर्ट एक पूरी तरह से इंटीग्रेटेड, मल्टी-मॉडल लॉजिस्टिक्स और बिजनेस हब के तौर पर उड़ान भरने को तैयार है। उन्होंने कहा कि टर्मिनल का निर्माण रिकॉर्ड समय में पूरा किया गया। स्टार एयर और उड़ान योजना के सहयोग से नई कनेक्टिविटी की शुरुआत हुई है। इससे मुंद्रा की देश के अन्य हिस्सों से हवाई संपर्क क्षमता बढ़ेगी।
साथ ही नए बने अडाणी मुंद्रा एयरपोर्ट पर कमर्शियल फ्लाइट ऑपरेशन आधिकारिक तौर पर शुरू हो गए। इस मौके पर अडानी एयरपोर्ट होल्डिंग्स लिमिटेड के डायरेक्टर जीत अडानी की पत्नी, दिवा जैमिन शाह भी मौजूद थीं। एयरपोर्ट पर मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों ने इस खास मौके को यादगार बना दिया।
अडाणी समूह के सफल डेवलपमेंट मॉडल पर बना मुंद्रा एयरपोर्ट कुशलता और विकास के लिए डिजाइन किया गया है। इसका रनवे 1,900 मीटर लंबा है, जो कई तरह के पैसेंजर और कार्गो एयरक्राफ्ट को संभालने में सक्षम है। यह एक आधुनिक टर्मिनल है, जिसमें बड़ी पार्किंग, कई चेक-इन काउंटर, आरामदायक लाउंज और फुल-सर्विस फ़ूड कोर्ट जैसी सुविधाएं हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर