गुजरात के सुरेंद्रनगर में ट्रक में घुसी कार, दो की मौत, करंट लगने से ट्रक क्लीनर ने भी गंवाई जान
सुरेंद्रनगर, 26 सितंबर (हि.स.)। गुजरात के सुरेंद्रनगर जिले में शनिवार को भीषण सड़क हादसा हो गया। इस हादसे में एक तेज रफ्तार ईको कार सड़क किनारे खड़े ट्रक के पीछे जा घुसी। इसमें कार सवार चेन्नई और मुंबई निवासी दो लोगों की मौत हो गई वहीं हादसे के बाद मौके से भागे ट्रक के क्लीनर की खेत में फसल की सुरक्षा के लिए लगाए गए बिजली की तार की चपेट में आने से मौत हो गई। इस तरह इस दुर्घटना में कुल तीन लोगों की जान चली गई।
दसाडा पुलिस के इंचार्ज पीआई वीआई खड़िया ने बताया जिले के दसाडा–शंखेश्वर हाइवे पर वडगाम और पानवा गांव के बीच ईको कार और ट्रक की टक्कर में कार सवार एक व्यक्ति की मौत घटनास्थल पर ही हो गई जबकि दूसरे व्यक्ति ने उपचार के लिए ले जाते समय रास्ते में दमतोड. दिया। मृतकों में राजेश शेढिया चेन्नई के रहने वाले थे जबकि दूसरे मृतक अजीत जैन मुंबई के निवासी बताए गए हैं। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए पाटडी सरकारी अस्पताल भेजा गया है।
हादसे के बाद ट्रक क्लीनर को लगा करंट
हादसे के बाद ट्रक का क्लीनर घबराकर घटनास्थल से बचने के लिए पास के खेत की ओर भागा। बताया गया कि खेत में फसल की सुरक्षा के लिए लगाए गए बिजली के तार की चपेट में आने से उसे जोरदार करंट लगा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस प्रकार एक ही दुर्घटना के बाद हुए घटनाक्रम में तीन लोगों की जान चली गई।
पुलिस के अनुसार हादसे में चार से पांच लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। घायलों को उपचार के लिए अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। ईको के चालक मलेक ईश्वर को उपचार के लिए विरमगाम के शिव अस्पताल ले जाया गया है।
हादसे के बाद हाईवे पर लगा जाम
हादसे की सूचना मिलते ही दसाडा पुलिस और 108 एंबुलेंस की टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। दुर्घटना के कारण मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और कुछ समय के लिए हाइवे पर ट्रैफिक जाम की स्थिति बन गई। पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसा सड़क किनारे खड़े ट्रक के पीछे कार के टकराने से हुआ। दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच पुलिस द्वारा की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे