दिल्ली एयरपोर्ट पर बड़ा हादसा टला, दो विमानों के विंग टकराए

 

नई दिल्ली, 16 अप्रैल (हि.स.)। दिल्ली एयरपोर्ट के टर्मिनल-1 पर मंगलवार को बड़ा विमान हादसा टल गया, जब दो अलग-अलग एयरलाइंस के विमानों के विंग आपस में टकरा गए। घटना के बाद दोनों विमानों को तत्काल ग्राउंड कर दिया गया और सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई भी यात्री या क्रू सदस्य घायल नहीं हुआ।

जानकारी के अनुसार, आकासा एयर की फ्लाइट क्यूपी-1406 दिल्ली से हैदराबाद जाने के लिए तैयार थी और पुशबैक के बाद एप्रन पर खड़ी थी। इसी दौरान लेह से आई स्पाइसजेट की फ्लाइट एसजी-124 (B737-700) टैक्सी करते हुए निर्धारित पार्किंग बे की ओर बढ़ रही थी। इसी दौरान दोनों विमानों के विंग आपस में टकरा गए।

टक्कर में स्पाइसजेट विमान के दाहिने पंख का विंगलेट क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि आकासा एयर के विमान के पिछले हिस्से यानी हॉरिजॉन्टल स्टेबलाइजर को नुकसान पहुंचा। घटना के तुरंत बाद एयरपोर्ट स्टाफ और सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हो गईं और यात्रियों को सुरक्षित विमान से उतार लिया गया।

स्पाइसजेट के प्रवक्ता ने बताया कि टैक्सींग के दौरान उनका विमान दूसरी एयरलाइन के विमान से टकरा गया, जिसके चलते विंगलेट को नुकसान पहुंचा है। वहीं, आकासा एयर ने भी पुष्टि की कि उनका विमान खड़ा था, तभी दूसरी उड़ान उससे टकरा गई, जिसके बाद उड़ान रद्द कर दी गई। एयरलाइन ने यात्रियों को गंतव्य तक भेजने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था शुरू कर दी है।

घटना पर नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने भी संज्ञान लिया है। डीजीसीए के अनुसार, स्पाइसजेट का विमान टैक्सी करते समय आकासा एयर के विमान के टेल हिस्से से टकराया। दोनों विमानों को नुकसान पहुंचा है और मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी