बैलेट पेपर पर जेन-जी का जनादेश, राष्ट्रविरोधी विमर्श को करारा जवाब : डॉ वीरेंद्र सोलंकी
नई दिल्ली/गोवा, 27 नवंबर (हि.स.)।अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) के राष्ट्रीय महामंत्री डॉ. वीरेंद्र सिंह सोलंकी ने शुक्रवार को कहा कि यह विजय स्पष्ट करती है कि जेन-जी नकारात्मकता और अराजकता के बजाय राष्ट्रहित, लोकतांत्रिक मूल्यों और विद्यार्थियों के वास्तविक मुद्दों को प्राथमिकता देने वाली छात्र राजनीति के साथ खड़ी है।
गोवा विश्वविद्यालय छात्र परिषद के शैक्षणिक सत्र 2026-27 के चुनाव में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) ने ऐतिहासिक विजय प्राप्त करते हुए सभी 9 सीटों पर जीत दर्ज की है। बैलेट पेपर के माध्यम से संपन्न हुए इन चुनावों में विद्यार्थियों ने अभाविप के नेतृत्व, विचारधारा और छात्रहितों के प्रति उसकी प्रतिबद्धता पर विश्वास जताया। अभाविप ने अध्यक्ष, सचिव, महिला सदस्य सहित सभी छह कार्यकारी सदस्यों के पदों पर विजय प्राप्त कर छात्र परिषद में अपना पूर्ण बहुमत स्थापित किया है।
सोलंकी ने इस ऐतिहासिक विजय पर सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों एवं अभाविप के सदस्यों को शुभकामनाएं प्रेषित करते हुए कहा गोवा विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों ने बैलेट पेपर के माध्यम से अपना स्पष्ट जनादेश देकर राष्ट्रविरोधी विमर्श और शैक्षणिक परिसरों में अराजकता का वातावरण बनाने वाली ताकतों को करारा जवाब दिया है। पिछले कुछ समय से देशभर में शैक्षणिक परिसरों की लोकतांत्रिक व्यवस्थाओं को कमजोर करने तथा विद्यार्थियों के वास्तविक मुद्दों से ध्यान भटकाने के प्रयास किए जा रहे हैं। अभाविप ने ऐसे प्रयासों के विरोध में देशभर में प्रदर्शन कर लोकतांत्रिक छात्र व्यवस्थाओं की मजबूती और परिसरों में सकारात्मक वातावरण की स्थापना के लिए अपनी आवाज बुलंद की है। अभाविप सदैव विद्यार्थियों की शैक्षणिक समस्याओं, परिसर की व्यवस्थाओं, छात्र सुविधाओं एवं उनके अधिकारों से जुड़े विषयों को प्रमुखता से उठाती रही है। गोवा विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों ने अपने जनादेश के माध्यम से अभाविप के इन्हीं छात्रहितकारी प्रयासों, राष्ट्रहित के प्रति प्रतिबद्धता और सकारात्मक छात्र राजनीति पर अपना विश्वास व्यक्त किया है।
अभाविप कोंकण प्रांत के प्रांत मंत्री राहुल रजोरिया ने भी इस विजय पर सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि गोवा विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों ने अभाविप के छात्रहितकारी कार्यों और सकारात्मक नेतृत्व पर विश्वास व्यक्त किया है। यह विजय अभाविप के सदस्यों के निरंतर परिश्रम तथा विद्यार्थियों के साथ उनके सतत संवाद का परिणाम है। नवनिर्वाचित छात्र परिषद विद्यार्थियों की समस्याओं के समाधान, शैक्षणिक वातावरण को बेहतर बनाने तथा परिसर में रचनात्मक एवं लोकतांत्रिक छात्र गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध रहेगी।
चुनाव में अध्यक्ष पद पर कल्पेश संतोष वाल्के, सचिव पद पर श्रेयांश तुलशीदास नाइक तथा महिला सदस्य पद पर पूर्वी विजय परब निर्वाचित हुईं। वहीं कार्यकारी सदस्यों के रूप में अनिश यशोदान गाउन्स देसाई, अर्थिकेश अशोक नाइक, माधव संदेश देसाई, निधि नामदेव मलिक, सावालो संजय शेट तथा वेंकटेश उर्फ श्रेयश श्रीराम शेट वेरेनकर ने जीत दर्ज की।
देशभर के विभिन्न विश्वविद्यालयों एवं शैक्षणिक परिसरों में अभाविप को मिल रही चुनावी सफलताएं विद्यार्थियों के बीच सकारात्मक एवं राष्ट्रहित केंद्रित छात्र राजनीति की स्वीकार्यता को दर्शाती हैं। दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ चुनाव में तीन प्रमुख पदों पर, पंजाब विश्वविद्यालय में लगातार दूसरी बार अध्यक्ष पद पर तथा उत्तराखंड के 110 से अधिक महाविद्यालयों में अभाविप ने जीत दर्ज की है। लद्दाख विश्वविद्यालय छात्रसंघ चुनाव में भी अभाविप ने आठ में से पांच सीटों पर विजय प्राप्त की। केरल के त्रिपुनिथुरा गवर्नमेंट संस्कृत कॉलेज में सभी छह प्रमुख पदों पर तथा ओडिशा के विभिन्न विश्वविद्यालयों में भी अभाविप को महत्वपूर्ण सफलताएं मिली हैं। गोवा विश्वविद्यालय में सभी नौ सीटों पर मिली जीत इसी व्यापक विद्यार्थी विश्वास का परिचायक है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी