अभिषेक बनर्जी ने लोकसभा अध्यक्ष को पत्र लिखकर की एनसीपीआई सांसदों को मतदान प्रक्रिया से अलग रखने की मांग

 




नई दिल्ली, 29 नवंबर (हि.स.)। तृणमूल कांग्रेस के लोकसभा सांसद एवं संसदीय दल के नेता अभिषेक बनर्जी ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को पत्र लिखकर नेशनलिस्ट सिटिजन्स पार्टी ऑफ इंडिया (एनसीपीआई) में कथित रूप से विलय करने वाले 20 सांसदों को आगामी विशेष सत्र में मतदान से रोकने की मांग की है। उन्होंने इन सांसदों के लिए लोकसभा में की गई अलग बैठने की व्यवस्था की समीक्षा करने और उनके खिलाफ लंबित अयोग्यता याचिकाओं पर शीघ्र निर्णय लेने का भी आग्रह किया है।

अभिषेक बनर्जी ने 28 नवंबर को लिखे पत्र में कहा है कि तृणमूल कांग्रेस के टिकट पर निर्वाचित 20 सांसदों ने एनसीपीआई में विलय का दावा किया है। इसके बाद लोकसभा में उनके बैठने की अलग व्यवस्था की गई है। इन सभी सांसदों के खिलाफ 19 जून, 2026 को संविधान की दसवीं अनुसूची के तहत दल-बदल के आधार पर अयोग्यता याचिकाएं दायर की गई थीं, लेकिन अब तक उन पर कोई निर्णय नहीं हुआ है।

उन्होंने पत्र में यह भी उल्लेख किया कि लोकसभा की आधिकारिक वेबसाइट पर तृणमूल कांग्रेस के सांसदों की संख्या 28 दर्शाई गई है। इस संख्या में कथित रूप से एनसीपीआई में शामिल हुए 20 सांसद भी शामिल हैं।

अभिषेक बनर्जी ने तर्क दिया कि अयोग्यता संबंधी कार्यवाही लंबित रहने के दौरान इन सांसदों को विशेष सत्र में मतदान की अनुमति देना उचित नहीं होगा। इससे लंबित कार्यवाही प्रभावित हो सकती है। उन्होंने संविधान के 131वें संशोधन विधेयक का उल्लेख करते हुए कहा कि इसे पारित कराने के लिए सदन में उपस्थित और मतदान करने वाले सदस्यों के दो-तिहाई बहुमत की आवश्यकता होगी। ऐसे में इन 20 सांसदों के मत विधेयक के पारित होने की प्रक्रिया को प्रभावित कर सकते हैं।

अभिषेक ने लोकसभा अध्यक्ष से पूरे मामले की तत्काल समीक्षा करने, लंबित अयोग्यता याचिकाओं का शीघ्र निपटारा करने और संबंधित सांसदों के लिए की गई अलग बैठने की व्यवस्था पर पुनर्विचार करने का अनुरोध किया है।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष मधुप