अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत एमआरपी में अनियमितताओं को लेकर शुक्रवार को जंतर-मंतर पर करेगा प्रदर्शन

 


नई दिल्ली, 11 जून (हि.स.)। देश में उपभोक्ता सामानों की कीमतों में पारदर्शिता की कमी को लेकर गैर-सरकारी संगठन अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत (एबीजीपी) राष्ट्रव्यापी जन-जागरूकता अभियान के तहत शुक्रवार (12 जून) को यहां के जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन करेगा।

दिल्ली स्थित प्रेस क्लब में गुरुवार को संवाददाता सम्मेलन में संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष नारायणभाई शाह ने कहा कि संगठन उपभोक्ताओं के अधिकारों की रक्षा के लिए सरकार के सामने स्पष्ट एवं वैज्ञानिक मानदंड, युक्तिसंगत मूल्य, मुद्रण सीमा का निर्धारण और नियामक संस्था का गठन जैसी कई मांगे रखेगा।

शाह ने कहा कि वर्तमान अधिकतम खुदरा मूल्य (एमआरपी) व्यवस्था अपने मूल उद्देश्य से पूरी तरह भटक चुकी है। शुरुआत में सरकार ने इसे उपभोक्ताओं को स्थानीय करों की मनमानी से बचाने के लिए लागू किया था, लेकिन आज यह निर्माताओं और व्यापारियों के हाथों की कठपुतली बन चुकी है।

शाह ने हिन्दुस्थान समाचार को बताया कि अगर सरकार तत्काल कदम नहीं उठाती है तो मुंबई में उचित समय पर एमआरपी के मुद्दे को लेकर एक बैठक आयोजित किया जाएगा। इसके अलावा संगठन राज्य सरकार के रुख, वाणिज्य मंत्रालय और वित्त मंत्रालय की भूमिका को लेकर लगातार संपर्क में रहेगा और मांगें पूरी करने के लिए दबाव बनाए रखेगा।

मुंबई के अलावा गुवाहाटी और देश के अन्य हिस्सों में जागरूकता अभियान चलाया जाएगा, क्योंकि आज भी एक बड़ी आबादी को एमआरपी के सही नियमों की जानकारी नहीं है। उनका मानना है कि सरकार के स्पष्ट नियमों के अभाव में कंपनियां खुद ही मनमाना मूल्य प्रिंट कर रही हैं। इसके कारण वास्तविक लागत मूल्य और छपे हुए मूल्य (एमआरपी) के बीच का संबंध खत्म हो चुका है।

संगठन ने बताया कि देशव्यापी जन आंदोलन का मुख्य उद्देश्य व्यापारियों को उचित लाभ प्राप्त हो साथ ही उपभोक्ताओं को वस्तुएं उचित मूल्य पर उपलब्ध हों।

इस अवसर पर दिल्ली प्रांत सचिव बंटी चौरसिया सहित संगठन के कई शीर्ष पदाधिकारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी