संजय सिंह ने केजरीवाल के आवास की तस्वीरों को बताया फर्जी, मानहानि का केस करने की चेतावनी

 


नई दिल्ली, 25 अप्रैल (हि.स.)। आम आदमी पार्टी (आआपा) के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने शनिवार को भारतीय जनता पार्टी द्वारा अरविंद केजरीवाल की जारी कथित तस्वीरों को “फर्जी और बेबुनियाद” बताया। उन्होंने कहा कि जो तस्वीरें केजरीवाल के आवास से जुड़ी बताई जा रही हैं, जो फर्जी हैं।

संजय सिंह ने पार्टी कार्यालय में पत्रकार वार्ता में कहा कि भाजपा द्वारा जारी की गई सभी तस्वीरें झूठी हैं और इनका मकसद केजरीवाल की छवि खराब करना है। उन्होंने चेतावनी दी कि सरकार या कोई भी टीवी चैनल यदि ऐसी तस्वीरें प्रसारित करता है तो आआपा उसके खिलाफ मानहानि का मामला दर्ज कराएगी।

सिंह ने मांग की कि उपराज्यपाल, मुख्यमंत्री और मंत्रियों के आवास भी जनता के लिए खोले जाएं, साथ ही केजरीवाल का घर भी जनता के लिए खोला जाए, ताकि लोग खुद जाकर सच्चाई देख सकें और फैसला कर सकें कि किसका आवास कितना भव्य है।

सिंह ने आरोप लगाया कि भाजपा की झूठी खबरें फैलाने की पुरानी राजनीति चल रही है। उन्होंने गुजरात में भी आआपा के नेताओं और उम्मीदवारों पर फर्जी मुकदमे दर्ज कराने और पार्टी के सोशल मीडिया पेज सस्पेंड करवाने का आरोप लगाया। दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष आतिशी ने कहा कि जारी की गई तस्वीरें केजरीवाल के घर की नहीं हैं और वे पूरी तरह से फर्जी हैं।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी