एएआईबी ने अहमदाबाद विमान हादसे की जांच पर जारी किया अंतरिम बयान
-एयर इंडिया की फ्लाइट एआई-171 से संबंधित दुर्घटना की जांच पर अंतरिम वक्तव्य
नई दिल्ली, 12 जून (हि.स)। विमान दुर्घटना की जांच करने वाली एजेंसी विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (एएआईबी) ने शुक्रवार को एयर इंडिया की फ्लाइट संख्या एआई-171 से संबंधित दुर्घटना की जांच की प्रगति पर अपना अंतरिम वक्तव्य जारी किया। नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने जारी एक बयान में बताया कि एएआईबी ने कहा है कि पिछले साल गुजरात के अहमदाबाद में हुए विमान हादसे की अंतिम जांच रिपोर्ट, जांच से जुड़ी सभी गतिविधियों, जरूरी अंतरराष्ट्रीय समीक्षा और परामर्श की प्रक्रिया पूरी होने के बाद जारी की जाएगी।
उल्लेखनीय है कि एक वर्ष पहले एयर इंडिया की फ्लाइट एआई-171 जो अहमदाबाद से लंदन जा रही थी, सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट (अहमदाबाद) से उड़ान भरने के तुरंत बाद 12 जून 2025 को दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी। इस हादसे में विमान में सवार लोगों और जमीन पर मौजूद 19 लोगों सहित कुल 260 लोगों की मौत हो गई थी। एजेंसी ने कहा कि एयर इंडिया के बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर विमान हादसे की पहली बरसी पर विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (एएआईबी) ने कहा कि विमान प्रणालियों, फ्लाइट रिकॉर्डर के आंकड़ों, इंजन से जुड़े कल-पुर्जों, रखरखाव और परिचालन रिकॉर्ड समेत अन्य साक्ष्यों के विश्लेषण में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है।
एएआईबी ने इस दुखद दुर्घटना की बरसी पर कहा कि इस दुर्घटना में जान गंवाने वाले सभी लोगों के परिवारों और परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता है। हम इस दुर्घटना से प्रभावित सभी लोगों के असहनीय दर्द और पीड़ा को समझते हैं। एएआईबी संशोधित विमान (दुर्घटनाओं और घटनाओं की जांच) नियम, 2017 और आईसीएओ अनुलग्नक 13 में निहित मानकों और अनुशंसित प्रथाओं के अनुसार जांच कर रहा है। इससे पहले विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो ने तथ्यात्मक जानकारी वाली एक प्रारंभिक रिपोर्ट 12 जुलाई 2025 को जारी की गई थी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर