विधान परिषद चुनाव में 99.02 % वोटिंग
मुंबई, 18 जून (हि.स.)। महाराष्ट्र विधान परिषद की निकाय संस्थाओं के कुल 16 सीटों पर द्विवार्षिक चुनाव और एक नागपुर की एक सीट के उपचुनाव में से 6 सीटों पर सत्तारूढ़ महायुति के उम्मीदवार पहले ही निर्विरोध जीत का रास्ता तय कर चुके हैं। शेष बची 11 साटों के लिए मतदान गुरुवार को कराए गए। इस चुनाव में रिकॉर्ड 99.02% वोटिंग हुई है। चुनावी परिणाम 22 जून को घोषित किए जाएंगे। भाजपा का दावा है कि इन 11 सीटों पर भी महायुति बड़ी जीत दर्ज करेगी।
विधान परिषद की 11 सीटों के लिए गुरुवार को कड़े बंदोबस्त के बीच शांतिपूर्ण तरीके से वोटिंग हुई। चुनाव आयोग की तरफ से जारी अधिकृत डेटा के अनुसार पूरे राज्य में 99.02% वोटिंग हुई है। गुरुवार सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे के बीच हुए मतदान में में कुल 7,047 मतदाताओं में से 6,978 ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया।
कहां कितनी वोटिंग
भंडारा-गोंदिया चुनाव क्षेत्र में कुल 457 वोटरों ने अपने वोट का इस्तेमाल किया, इसलिए यहां 100% वोटिंग हुई है। अमरावती में राज्य की 11 सीटों में सबसे कम वोटिंग यानी 94.68% वोटिंग हुई है। सोलापुर में 99.68%, सांगली-सतारा- 99.89%,
नासिक 99.84%, नागपुर 98.44%, परभणी-हिंगोली 99.79%, औरंगाबाद-जालना चुनाव क्षेत्र में 98.90% वोटिंग हुई है।
इन सीटों पर महायुति के निर्विरोध प्रत्याशी
बीजेपी ने 11, शिवसेना (शिंदे गुट) ने 4 और राकांपा (एपी) ने 2 सीटों पर उम्मीदवार उतारे थे। महायुति ने जिन छह सीटों पर निर्विरोध जीत हासिल की है, उनमें बीजेपी, शिदे सेना और एनसीपी (एपी) को दो-दो सीटें मिली हैं। बीजेपी से वर्धा-गड़चिरोली-चंद्रपुर सीट से अरुण लखानी, अहिल्यानगर से प्राजक्त तनपुरे, शिंदे सेना से ठाणे सीट से रवींद्र फाटक, यवतमाल से दुष्यंत चतुर्वेदी, एनसीपी (एपी) से रायगढ़-रत्नागिरी-सिंधुदुर्ग सीट से अनिकेत तटकरे और पुणे सीट से विक्रम काकड़े के निर्वुरोध चुने जाने का रास्ता साफ हो चुका है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार