देश के हर जिले तक पहुंची 5जी सेवा: प्रधानमंत्री मोदी

 


नई दिल्ली, 08 अक्टूबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुरुवार को कहा कि भारत में 5जी नेटवर्क देश के हर जिले तक पहुंच चुका है। उन्होंने बताया कि देश में 5.5 लाख से ज्यादा 5जी बेस स्टेशन काम कर रहे हैं और मोबाइल इंटरनेट की स्पीड 2022 के मुकाबले 10 गुना अधिक हो गई है।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने नई दिल्ली स्थित यशोभूमि में इंडिया मोबाइल कांग्रेस (आईएमसी) 2026 के 10वीं वर्षगाठ पर बतौर मुख्य अतिथि अपने संबोधन में यह बात कही।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि एक दशक पहले डिजिटल अंतर एक बड़ी चुनौती थी। उन्होंने बताया कि डिजिटल इंडिया’ अभियान के जरिये हमने स्थिति बदली है। मोदी ने कहा कि आज देश के हर जिले तक 5जी सेवा पहुंच चुकी है। भारत में 5.50 लाख से अधिक ‘बेस स्टेशन’ हैं, जहां से 5जी नेटवर्क परिचालित हो रहा है।

उन्होंने कहा कि दूरसंचार क्षेत्र में क्रांति से गांव के बच्चे भी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं। मोदी ने कहा कि हमारे पास जो भी डिजिटल एवं ऑनलाइन शिक्षा के माध्यम हैं, उनसे 25 करोड़ छात्रों को जोड़ने का लक्ष्य है। प्रधानमंत्री ने कहा कि डिजिटल संपर्क ने शिक्षा, स्वास्थ्य एवं सरकारी सेवाओं को गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। यह लोगों के जीवन को सुगम बना रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर