छत्तीसगढ़ में 93 हथियार, 7.2 किलो सोना, 2.90 करोड़ नकद सहित 25 इनामी नक्सलियों ने किया आत्मसमर्पण

 


बीजापुर, 31 मार्च (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के बीजापुर में नक्सलवाद के खात्मे की तय समय सीमा के अंतिम दिन आज मंगलवार को बस्तर आईजी सुन्दरराज पी., सीआरपीएफ के डीआईजी बी.एस. नेगी, बीजापुर के पुलिस अधीक्षक डॉ. जितेंद्र कुमार यादव सहित कई वरिष्ठ अधिकारियाें के समक्ष 25 इनामी नक्सलियों ने आत्मसमर्पण कर दिया। इन पर 1.47 करोड़ का इनाम घोषित था।

इन नक्सलियों ने एलएमजी, एके-47, एसएलआर, इंसास सहित कुल 93 घातक हथियारों के साथ आत्मसमर्पण किया है। पहली बार नक्सलियों के पास से 2.90 करोड़ रुपये नकद और लगभग 7.2 किलोग्राम सोना बरामद किया गया है। बरामद सोने की कीमत करीब 11.16 करोड़ रुपये आंकी गई है। इनके पास मिले हथियारों में 4 एके-47 और 9 एसएलआर राइफलें जैसे आधुनिक हथियार भी शामिल हैं।

सभी 25 आत्मसमर्पित नक्सलियों पर 1.47 करोड़ का इनाम घोषित था। इनसमें मंगल कोरसा ऊर्फ मोटू, आकाश ऊर्फ फागु उईका, डीवीसीएम शंकर मुचाकी, एसीएम राजू रैयाम ऊर्फ मुन्ना, एसीएम पाले कुरसम जैसे बड़े नक्सली शामिल है। मंगल 8 लाख रूपये का इनामी था और वह 12 बड़ी घटनाओं में शामिल रहा। शंकर मुचाकी (33वर्ष) भी 8 बड़े वारदातों में शामिल रहा, पाले कुरसम 5 घटनाओं में शामिल था। आत्मसमर्पण समर्पण करने वाले नक्सलियों की निशानदेही पर 93 घातक हथियारों के साथ 7.2 किलो सोना और 2.90 करोड़ रुपये नकद बरामद किया गया है।

वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आत्मसमर्पण करने वाले नक्सली कैडरों को शासन की नीति के तहत आर्थिक सहायता, कौशल विकास प्रशिक्षण, आवास, शिक्षा और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे। साथ ही उन्हें समाज में सम्मानजनक जीवन जीने के लिए हर संभव सहयोग दिया जाएगा। सुरक्षा बलों ने शेष माओवादी कैडरों से भी अपील की है कि वे हिंसा का मार्ग छोड़कर मुख्यधारा में लौटें, ताकि क्षेत्र में शांति और विकास को और मजबूती मिल सके।

बीजापुर डॉ. जितेंद्र कुमार यादव ने बताया कि नक्सलियों के बड़े नक्सल डंप बरामद करने में सुरक्षाबल को बड़ी सफ़लता मिली है। 25 नक्सलियों के आत्मसमर्पण करने के साथ ही नक्सल संगठन लगभग समाप्त हो चुका है। 31 मार्च 2026 'नक्सल मुक्त बस्तर' संकल्प की समय-सीमा का अंतिम दिन है। शासन की पुनर्वास नीति के तहत आत्मसमर्पण करने वालों को आर्थिक सहायता, सुरक्षा, कौशल प्रशिक्षण एवं सम्मान जनक जीवन की सुविधा दी जा रही है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 1 जनवरी 2024 से 31 मार्च 2026 तक बीजापुर जिले में कुल 1003 माओवादी कैडर आत्मसमर्पण कर चुके हैं। अब तक कुल 19.43 करोड़ रुपये की बरामदगी हो चुकी है, जिसमें 6.63 करोड़ रुपये नकद और 12.80 करोड़ रुपये मूल्य का 8.20 किलोग्राम सोना शामिल है।

________________

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे