पश्चिम बंगाल के दक्षिण दिनाजपुर में 25 बांग्लादेशी नागरिक गिरफ्तार, भारतीय युवक भी हिरासत में
कोलकाता, 07 अक्टूबर (हि.स.)। कश्मीर से छिपकर पश्चिम बंगाल पहुंचे 25 बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया गया है। सीमावर्ती गांव में एक साथ इन बांग्लादेशी नागरिकों को देखकर ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। यह घटना मंगलवार को दक्षिण दिनाजपुर जिले के कुशमंडी थाने के अंतर्गत आने वाले लोहागंज के पंचानगर इलाके में हुई।
गांव में इन अनजान लोगों को देखकर स्थानीय निवासियों को संदेह हुआ। जब उनसे पूछताछ की गई तो पता चला कि वे सभी बांग्लादेशी नागरिक हैं। इसके बाद तुरंत सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची बीएसएफ ने 25 बांग्लादेशियों के साथ-साथ उनके साथ मौजूद एक भारतीय युवक को भी हिरासत में ले लिया। बाद में इन सभी को कुशमंडी थाने की पुलिस के हवाले कर दिया गया। पुलिस ने सभी को गिरफ्तार कर बुधवार को बालुरघाट जिला अदालत में पेश किया। इन्हें 15 दिनों की हिरासत में भेजा गया है। अदालत ने इन सभी को तपन थाना क्षेत्र के रामपुर गांव स्थित होल्डिंग सेंटर मेें रखनेे का निर्देश दिया।
गंगारामपुर के अनुमंडल पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ) शुभतोष सरकार ने बताया, कुशमंडी ब्लॉक के गोबरा बील सीमा से सटे लोहागंज पंचानगर गांव में बीएसएफ ने 25 बांग्लादेशियों को हिरासत में लिया है। बीएसएफ की ओर से उनसे गहन पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि वे किस मकसद से भारत की सीमा में दाखिल हुए थे।
स्थानीय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, ये 25 लोग काम के सिलसिले में भारत के कश्मीर गए थे। ग्रामीणों का दावा है कि उनके पास भारत में प्रवेश करने का वैध दस्तावेज नहीं था। आरोप है कि वे अवैध रास्ते से वापस बांग्लादेश लौटने की फिराक में कुशमंडी के लोहागंज के पंचानगर इलाके में इकट्ठा हुए थे।
स्थानीय लोगों का दावा है कि बांग्लादेश वापस जाने के लिए इन लोगों ने गंगारामपुर के काजलतोर इलाके के रहने वाले बबलू रॉय नामक व्यक्ति से संपर्क किया था। उसी की मदद से ये बांग्लादेशी नागरिक पंचानगर में एकत्र हुए थे। मंगलवार को एक ही जगह पर इतने सारे अपरिचित लोगों को देखकर ग्रामीणों को शक हुआ, जिसके बाद बीएसएफ को बुलाया गया। बीएसएफ के जवानों ने 25 बांग्लादेशियों के अलावा बबलू रॉय को भी हिरासत में लिया है। पुलिस ने मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।
गिरफ्तार किए गए एक बांग्लादेशी नागरिक ने कहा, हम काम करने के लिए कश्मीर गए थे। वहां अपना काम खत्म करके आज हम सभी अपने घर बांग्लादेश लौट रहे थे। हम सभी बांग्लादेश के ही रहने वाले हैं।
कुशमंडी से भाजपा विधायक तापस चंद्र रॉय ने बुधवार को इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, मंगलवार तड़के करीब साढ़े चार बजे ग्रामीणों ने देखा कि 26 युवक एक साथ खेत के रास्ते सीमा की ओर जा रहे हैं। शक होने पर उन्होंने एक व्यक्ति को पकड़ लिया, जो कि भारतीय है। ग्रामीणों का कहना है कि वही मुख्य मध्यस्थ है।
उन्होंने कहा, बाकी 25 बांग्लादेशी नागरिकों ने ग्रामीणों के सामने स्वीकार किया कि वे कश्मीर में काम करने गए थे और वहां से लौट रहे हैं। हैरान करने वाली बात यह है कि उनके पास से भारतीय वोटर कार्ड और आधार कार्ड भी बरामद हुए हैं। सभी के पास बैग थे। वे वास्तव में किसलिए भारत आए थे और उनका असली मकसद क्या था, बीएसएफ इन सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर