नेपाल की बाढ़ में फंसे गुजरात के 18 यात्री, 12 से टूटा संपर्क, गुजरात सरकार ने बनाया कंट्रोल रूम

 


- कैलाश मानसरोवर यात्रा पर गए यात्रियों के फंसने की सूचना, फेंडशिप ब्रिज और बॉर्डर क्षेत्र में संपर्क प्रभावित

अहमदाबाद, 27 अगस्त (हि.स.)। नेपाल में अचानक आई विनाशकारी बाढ़ और भूस्खलन के कारण कैलाश मानसरोवर यात्रा और पर्यटन के लिए नेपाल गए कुल 18 गुजरातियों के फंसे होने की प्राथमिक जानकारी सामने आई है। इनमें अहमदाबाद के तीन, आणंद के दो, सूरत के तीन, वलसाड का एक, राजकोट का एक तथा मूल रूप से गुजरात के रहने वाले एक अमेरिकी और एक ऑस्ट्रेलियाई नागरिक शामिल हैं। स्थिति को देखते हुए गुजरात सरकार ने गांधीनगर में स्टेट कंट्रोल रूम शुरू किया है। काठमांडू स्थित भारतीय दूतावास के साथ लगातार संपर्क में रहकर फंसे हुए गुजरातियों को सुरक्षित निकालने के प्रयास किए जा रहे हैं।

12 लोगों से संपर्क टूटा

जानकारी के अनुसार कंट्रोल रूम में दर्ज विवरण के मुताबिक 12 यात्रियों से संपर्क नहीं हो पाया है। इनमें अहमदाबाद के 3, आणंद के 2, सूरत के 3, वलसाड का 1, राजकोट का 1 तथा मूल गुजराती एक अमेरिकी और एक ऑस्ट्रेलियाई नागरिक शामिल हैं।

ये सभी यात्री अलग-अलग ट्रैवल एजेंसियों के माध्यम से कैलाश मानसरोवर यात्रा के लिए गए थे।

फेंडशिप ब्रिज और सीमा क्षेत्र में संपर्क प्रभावित

रुद्रागढ़ी-केरुंग बॉर्डर क्षेत्र में भारी बारिश के कारण नदियों में बाढ़ और भूस्खलन की स्थिति बनी है। इसके चलते कई यात्रियों का संपर्क टूट गया है। विशेष रूप से फेंडशिप ब्रिज और बॉर्डर क्षेत्र में संपर्क प्रभावित होने की जानकारी सामने आई है।

मौसम खराब होने और सड़क मार्ग बाधित होने के कारण मोटर मार्ग से भी यात्रियों तक पहुंचने में परेशानी हो रही है। गुजरात सरकार स्थानीय प्रशासन और नेपाल के आपातकालीन केंद्रों के साथ लगातार समन्वय कर रही है।

गुजरात सरकार ने जारी किए हेल्पलाइन नंबर

नेपाल में फंसे लोगों के परिजनों को जानकारी और तत्काल सहायता उपलब्ध कराने के लिए गुजरात सरकार ने 24 घंटे संपर्क की सुविधा शुरू की है।

गुजरात स्टेट कंट्रोल रूम:

079232-51900

9978405304

हेल्पलाइन: 1070

इसके अलावा संबंधित जिले के जिला आपातकालीन संचालन केंद्र के हेल्पलाइन नंबर 1077 पर भी संपर्क किया जा सकता है।

नेपाल में फंसे भारतीय नागरिकों के लिए आपातकालीन नंबर

नेपाल में फंसे भारतीय नागरिक भारतीय दूतावास के आपातकालीन हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं:

+977 985 131 6807

+977 970 910 7500

नेपाल में बाढ़ से हालात गंभीर

नेपाल में अचानक आई बाढ़ और भूस्खलन से हालात गंभीर बने हुए हैं। उपलब्ध जानकारी के अनुसार बाढ़ से मौतों का आंकड़ा 273 तक पहुंच गया है और करीब 1,500 लोगों की तलाश जारी है। गुजरात सरकार ने प्रभावित यात्रियों के परिजनों से अपील की है कि वे घबराएं नहीं और स्टेट कंट्रोल रूम तथा संबंधित हेल्पलाइन पर संपर्क बनाए रखें। प्रशासन की ओर से यात्रियों की लोकेशन और सुरक्षा की जानकारी जुटाने के साथ उन्हें सुरक्षित वापस लाने के प्रयास जारी हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे