बिहार के कटिहार में सड़क हादसा, अबतक 13 की मौत, राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने जताया शोक

 




पटना, 12 अप्रैल (हि.स.)। बिहार में कटिहार जिले के कोढ़ा थाना अन्तर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग संख्य -31 पर शनिवार शाम हुए सड़क हादसे में अबतक 13 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है।

यह दुर्घटना बसगड़ा चौक के पास दातपुर मुसहरी चौक के नजदीक हरदा से पूर्णिया जा रही तेज रफ्तार बस की सामने से आ रही पिकअप वैन से आमने-सामने टक्कर के दौरान हुई। हादसा इतना भयानक था कि पास से गुजर रही दो मोटरसाइकिलें भी इसकी चपेट में आ गईं। इस हादसे में मौके पर ही 10 लोगों की मौत हो गई, जबकि 17 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए।

राष्ट्रपति ने जताया दुख

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने हादसे पर दुख जताते हुए सोशल मीडिया पर लिखा, ''कटिहार, बिहार में सड़क दुर्घटना में लोगों की मृत्यु का समाचार अत्यंत पीड़ादायक है। मैं शोक संतप्त परिवारजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करती हूं और प्रार्थना करती हूं कि घायल हुए सभी लोग शीघ्र स्वस्थ हों।''

प्रधानमंत्री मोदी ने व्यक्त की संवेदना

प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) के आधिकारिक एक्स हैंडल पर जारी बयान में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा, ''बिहार के कटिहार में हुई दुर्घटना अत्यंत पीड़ादायक है। अपनों को खोने वाले सभी लोगों के प्रति गहरी संवेदना। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना। प्रत्येक मृतक के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय सुरक्षा बल (पीएमएनआरएफ) की ओर से 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे।''

मुख्यमंत्री ने जताया शोक

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने हादसे पर गहरी संवेदना व्यक्त की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह घटना काफी दुखद है और मैं इससे मर्माहत हूं। मुख्यमंत्री ने मृतकों के आश्रितों को मुख्यमंत्री राहत कोष से 02-02 लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये अनुग्रह अनुदान देने का निर्देश दिया है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर वरीय अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच कर राहत एवं बचाव कार्य में जुटे हुये है। मुख्यमंत्री ने हादसे में घायल हुये लोगों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है और उनकी समुचित इलाज कराने का निर्देश दिया है।

नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने भी इस घटना पर दुख जताया।

मृतकों की सूची

1 . राधिका हांसदा,पिता बबलू हांसदा

2.तलवी देवी पति, पति बबलू हांसदा

3.पप्पू हांसदा

4.तलपू सोरेन पति ताला हांसदा

5.ताला हांसदा पति ढेना टुड्डू

6.बेटिया मरांडी पति अंजु हांसदा

7.पप्पू देवी,पति ननकू हांसदा

8.पिकअप चालक चिंतामणी महतो

9.सदानंद मुर्मू 1

0.तल्लू सोरेन

11.दुर्गा बासुकी

12.रंजीता हेंब्रम। इसके अलावे एक अज्ञात की पहचान नहीं हो सकी है।

पूर्णिया की एसपी स्वीटी सहरावत ने बताया कि कटिहार में 10 एवं पूर्णिया मेडिकल कालेज अस्पताल में तीन लोगों की मौत हुई है। घायलों के उपचार के लिए डॉक्टरो की टीम लगी हुई है।

हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी