(लीड) पर्यावरण दिवस पर यूपी में लगे पांच करोड़ पौधे, मुख्यमंत्री योगी ने दिलाये पर्यावरण संरक्षण के पंच संकल्प
मुख्यमंत्री ने किया ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान का शुभारम्भ
लखनऊ, 05 जून (हि.स.)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विश्व पर्यावरण दिवस पर शुक्रवार को अपने सरकारी आवास पर ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत आम का पौधा लगाकर सभी को विश्व पर्यावरण दिवस की शुभकामनाएं दी। इसके बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कुकरैल में पौधरोपण कर ‘एक पेड़ मां के नाम’ महाभियान का शुभारंभ किया। यहां पर मुख्यमंत्री ने महर्षि चरक औषधि वन की स्थापना की और कपूर का पौधा लगाया। यहां पर मुख्यमंत्री ने स्कूली बच्चों के साथ सेल्फी भी ली और मिष्ठान वितरित किया। सभी ने मुख्यमंत्री को जन्मदिन की बधाई भी दी।
हर व्यक्ति मां के नाम पर अवश्य लगाए एक पौधा
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि हर व्यक्ति के लिए मां सबसे प्यारी होती है, इसलिए दायित्वों का निर्वहन करते हुए हर व्यक्ति मां के नाम एक पेड़ अवश्य लगाकर इस अभियान को आगे बढ़ाए। शहर-गांव के फॉरेस्ट को विकसित करे। उन्होंने कहा कि पर्यावरण बचेगा तो प्रकृति बचेगी, प्रकृति बचेगी तो जीव सृष्टि भी बचेगी, इसलिए हर नागरिक मातृभूमि के प्रति ईमानदारी से अपने दायित्वों का निर्वहन करे।
नाै वर्ष में प्रदेश में लगे 242 करोड़ से अधिक पौधे
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि 2017 में शासन संभालते ही डबल इंजन सरकार ने वन महोत्सव के अवसर पर पांच करोड़ पौधरोपण कार्यक्रम को अपने हाथों में लिया था। उस समय प्रदेश की नर्सरी में मात्र साढ़े पांच करोड़ पौधे ही उपलब्ध थे। आज प्रदेश की नर्सरी में 55 करोड़ से अधिक पौधे तैयार हैं। मुख्यमंत्री ने बताया कि नाै वर्ष के अंदर प्रदेश में 242 करोड़ से अधिक पौधरोपण किया गया। इससे प्रदेश का फॉरेस्ट कवर भी बढ़ा। योगी ने बताया कि अब जुलाई माह में महाभियान चलाकर एक दिन में नागरिकों के साथ मिलकर 35 करोड़ पौधे लगाये जायेंगे। विश्व पर्यावरण दिवस पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में पांच करोड़ पौधे लगाए गए।
योगी ने प्रदेशवासियों को पांच संकल्प भी दिलाए
मुख्यमंत्री योगी ने शुक्रवार को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में ‘उत्तर प्रदेश में जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों का समाधान’ संगोष्ठी का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने यहां प्रदर्शनी का अवलोकन किया, बच्चों को चॉकलेट दीं और आमजन को कपड़े के झोले देकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया। बच्चों के साथ सेल्फी ली और वृक्ष कलश में जल भी अर्पित किया।
योगी ने विश्व पर्यावरण दिवस पर प्रदेशवासियों को पांच संकल्प भी दिलाए। इसमें एक पेड़ मां के नाम लगाना, शरारती तत्वों व जीव-जंतुओं से पेड़ों की सुरक्षा, जल संरक्षण, सिंगल यूज प्लास्टिक का प्रयोग न करना और प्रकृति के अनुरूप जीवन शैली अपनाना शामिल है। योगी ने कटाक्ष किया कोई टोंटी चोरी कर रहा है, कोई पानी बर्बाद कर रहा है, ऐसे लोगों को टोकें। जल संरक्षण को जीवन का हिस्सा बनाएं, कोशिश हो कि पानी व्यर्थ न हो।
रामगढ़ताल व चिलुआताल को किया संरक्षित
मुख्यमंत्री ने तालों के संरक्षण पर जोर देते हुए कहा कि हमने गोरखपुर में 1400 एकड़ में फैले रामगढ़ताल व 400-500 एकड़ में फैले चिलुआताल को संरक्षित किया है। ये नेचुरल वाटर बॉडी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले हमारे प्रदेश में केवल एक रामसर साईट थी आज प्रदेश में 13 रामसर साइट हैं। बलिया स्थित सुरहा ताल देश का 100 वां व उत्तर प्रदेश का 13 वीं रामसर साइट है।
समारोह में वन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. अरुण कुमार सक्सेना, वन राज्यमंत्री केपी मलिक, प्रमुख सचिव (वन) वी हेकाली झिमोमी, उप्र प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अध्यक्ष आरपी सिंह, प्रधान मुख्य वन संरक्षक व विभागाध्यक्ष सुनील चौधरी, प्रधान मुख्य वन संरक्षक (वन्यजीव) अनुराधा वेमुरी आदि की मौजूदगी रही।
हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन