(लीड) राष्ट्रपति दिल्ली सरकार की पिंक कार्ड, लखपति बिटिया और दो मुफ्त एलपीजी सिलेंडर योजना का सोमवार करेंगी शुभारंभ
नई दिल्ली, 01 मार्च (हि.स.)।राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु सोमवार को ‘सशक्त नारी समृद्ध दिल्ली’ कार्यक्रम में फ्री बस सेवा के लिए स्मार्ट कार्ड (पिंक कार्ड), दिल्ली लखपति बिटिया और होली-दिवाली पर मुफ्त एलपीजी सिलेंडर योजना का शुभारंभ करेंगी। यह कार्यक्रम दिल्ली के इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में आयोजित किया जा रहा है। इस कार्यक्रम में दिल्ली के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, केंद्रीय सड़क परिवहन राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा, दिल्ली सरकार के कैबिनेट मंत्री मौजूद रहेंगे।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने रविवार को एक विज्ञप्ति जारी करते हुए बताया कि योजना के तहत तीन प्रकार के नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड (एनसीएमसी) कार्ड जारी किए जाएंगे। पिंक कार्ड दिल्ली निवासी पात्र महिलाओं के लिए होगा, जबकि ब्लू कार्ड सामान्य यात्रियों के लिए और ऑरेंज कार्ड मासिक पास उपयोगकर्ताओं के लिए जारी किया जाएगा। शुरुआती चरण में पिंक और ब्लू कार्ड लॉन्च किए जाएंगे, जिसके बाद ऑरेंज कार्ड लागू किया जाएगा। उन्होंने बताया कि कार्ड जारी करने के लिए दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) ने हिंडन मर्केंटाइल लिमिटेड (मुफिनपे) और एयरटेल पेमेंट्स बैंक लिमिटेड को अधिकृत किया है। ये कार्ड दिल्ली की सार्वजनिक परिवहन प्रणाली में पहले से लागू ऑटोमेटिक फेयर कलेक्शन सिस्टम (एएफसीएस) से एकीकृत होंगे। पिंक कार्ड पात्र महिलाओं को पूर्णतः निःशुल्क दिया जाएगा और इसकी संपूर्ण लागत दिल्ली सरकार वहन करेगी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि लाडली योजना को विस्तारित और सुदृढ़ रूप में ‘दिल्ली लखपति बिटिया योजना’ के रूप में पुनर्गठित किया गया है। उन्होंने कहा कि पूर्व संरचना के अंतर्गत प्रत्येक पात्र बालिका के नाम पर संस्थागत जन्म होने पर 11,000 रुपये और घरेलू जन्म होने पर 10,000 रुपये जमा किए जाते थे। इसके अतिरिक्त कक्षा एक, छह और नौवीं में प्रवेश, कक्षा दसवीं उत्तीर्ण करने तथा कक्षा बारह में प्रवेश जैसे महत्वपूर्ण शैक्षणिक पड़ावों पर 5,000 रुपये की राशि जमा की जाती थी। यह संचित राशि ब्याज सहित 18 वर्ष की आयु में निकाली जा सकती थी। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि नई योजना में सहायता की राशि और दृष्टिकोण दोनों को व्यापक रूप से बढ़ाया गया है। अब बालिका के नाम पर विभिन्न चरणों में कुल 56,000 रुपये जमा किए जाएंगे और ब्याज सहित 21 वर्ष की आयु तक यह परिपक्वता मूल्य 1 लाख रुपये से अधिक होने की उम्मीद है। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि स्नातक या व्यावसायिक डिप्लोमा पूरा करना अपवाद नहीं बल्कि सामान्य उपलब्धि बने।
नई योजना पूरी तरह डिजिटल होगी। फंड का प्रबंधन एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड द्वारा किया जाएगा और निवेश एसबीआई लाइफ धनराशि साधन के अंतर्गत होगा। विभाग द्वारा जमा की गई राशि बालिका की उम्र के साथ बढ़ती रहेगी और परिपक्वता पर पूरी संचित राशि सीधे लाभार्थी के आधार से जुड़े बैंक खाते में ट्रांसफर कर दी जाएगी। इससे पारदर्शिता और प्रत्यक्ष वित्तीय समावेशन सुनिश्चित होगा।
योजना का लाभ उन्हीं परिवारों को मिलेगा जिनकी वार्षिक आय 1.20 लाख रुपये से अधिक न हो तथा जो पिछले तीन वर्षों से दिल्ली में रह रहे हों। बालिका का जन्म दिल्ली में होना अनिवार्य है। पंजीकरण जन्म के एक वर्ष के भीतर या निर्धारित शैक्षणिक पड़ावों पर कराया जा सकता है। यह लाभ प्रति परिवार दो जीवित बालिकाओं तक सीमित रहेगा। महत्वपूर्ण रूप से योजना का दायरा बढ़ाकर भारत में किसी भी सरकारी मान्यता प्राप्त या यूजीसी मान्यता प्राप्त संस्थान में स्नातक या व्यावसायिक डिप्लोमा पाठ्यक्रम कर रही लड़कियों को शामिल किया गया है। परिपक्वता लाभ केवल शैक्षणिक शर्तों की पूर्ति पर ही देय होगा
मुख्यमंत्री ने बताया कि होली और दिवाली पर दिल्ली के सभी राशन कार्ड धारक परिवारों को प्रतिवर्ष दो मुफ्त एलपीजी सिलेंडर प्रदान करने की योजना है। इस योजना का लाभ प्रत्यक्ष लाभ हस्तांतरण (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के माध्यम से दिया जाएगा। यह राशि एक एलपीजी सिलेंडर की मौजूदा कीमत के बराबर होगी और परिवार के मुखिया के आधार-लिंक्ड बैंक खाते में जमा की जाएगी, जिनके नाम पर राशन कार्ड जारी किया गया है। लगभग 15.50 लाख राशन कार्ड धारक परिवारों को कवर करने वाली यह योजना खाना पकाने के ईंधन के खर्च के वित्तीय बोझ को कम करने और परिवारों को सम्मान और आराम से त्योहार मनाने में सक्षम बनाने के लिए बनाई गई है।
-------------------
हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव