बलोचिस्तान में सुरक्षा बलों पर हमला, खैबर पख्तूनख्वा में चेक पोस्ट उड़ाने का प्रयास, चार आतंकी मारे गए

 


इस्लामाबाद, 26 जुलाई (हि.स.)। पाकिस्तान के दो प्रांतों में सुरक्षा बलों पर हमले और उनकी एक चेक पोस्ट को उड़ाने की कोशिश की गई। इस दौरान चार आतंकवादियों को मार गिराने का दावा किया गया है। यह घटनाएं सर्वाधिक अशांत बलोचिस्तान और खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में हुई हैं। सुरक्षा बलों के काफिले पर हमले की अभी तक किसी संगठन ने जिम्मेदारी नहीं ली है। इस हमले में सैनिकों के भी हताहत होने की आशंका जताई गई है।

द बलोचिस्तान पोस्ट की खबर के अनुसार, बलोचिस्तान के नुश्की जिले के बाटू के नुश्की गांव के पास अज्ञात हथियारबंद लोगों ने पाकिस्तान के सुरक्षा बलों के बड़े काफिले पर हमला किया। इस हमले में पाकिस्तान की सेना के जवानों के मारे जाने की खबरें हैं। बताया गया है कि सुरक्षा बलों का काफिला बुलेटप्रूफ गाड़ियों के साथ नुश्की शहर जा रहा था।

इसी बीच, हथियारबंद लोगों ने काफिले में शामिल पुलिसवालों पर भी हमला किया। हमले में पुलिस उपायुक्त की गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिस उपायुक्त सुरक्षित भाग जाने में कामयाब रहे। दो दिन पहले नुश्की शहर के पास ऐसे ही हमले में तीन जवान मारे गए थे। नुश्की जिले में सक्रिय आजादी पसंद बलोच विद्रोही अकसर पाकिस्तान के सुरक्षा बलों को निशाना बनाते रहते हैं। अभी तक किसी भी संगठन ने इस घटना की जिम्मेदारी नहीं ली है।

दुनिया न्यूज की रिपोर्ट में पाकिस्तान सेना की इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस (आईएसपीआर) ने कहा कि खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में दक्षिण वजीरिस्तान जिले शनिवार को आतंकवादियों ने सुरक्षा बलों की एक चेक पोस्ट को विस्फोटक से उड़ाने की कोशिश की। सेना ने बताया कि हमलावरों को चेक पोस्ट के सुरक्षा घेरा तोड़ने से पहले ही रोक दिया। आत्मघाती हमलावर की विस्फोटक से लदी गाड़ी को लक्ष्य तक पहुंचने से पहले रोककर उसे पूरी सुरक्षा के साथ निष्क्रिय कर दिया गया। इस दौरान हुए विस्फोट में आत्मघाती हमलावर मारा गया।

आईएसपीआर ने कहा कि सुरक्षा बलों की समय पर की गई कार्रवाई से हमलावर अपने मकसद में नाकाम रहा। गाड़ी के नष्ट होने के बाद बाकी तीन आतंकवादी सुरक्षा बलों की गोलीबारी के बीच पास के एक परिसर में भाग गए। वहां उन्हें घेरकर मार गिराया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकुंद