पाकिस्तान के मुल्तान में रहमान बाबा एक्सप्रेस बेपटरी, कम से कम छह यात्रियों की मौत, 30 घायल

 




इस्लामाबाद, 13 अक्टूबर (हि.स.)। पाकिस्तान के पंजाब प्रांत के मुल्तान में मंगलवार तड़के हुए रेल हादसे में कई लोग मारे गए। पुलिस और बचाव अधिकारियों ने पुष्टि की कि मुल्तान में शेर शाह ब्रिज के पास रहमान बाबा एक्सप्रेस के पटरी से उतरने से कम से कम छह यात्रियों की मौत हो गई और 30 अन्य घायल हो गए। एक अधिकारी ने कहा कि इस रेलगाड़ी के सभी 14 कोच बेपटरी हो गए।

द न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, घायलों को मुल्तान के निश्तर अस्पताल ले जाया गया। बचाव दल दुर्घटना स्थल पर मौजूद हैं । एक यात्री के अनुसार, दुर्घटना सुबह करीब 5:15 बजे हुई। पुलिस की शुरुआती जानकारी के मुताबिक, यह ट्रेन कराची से पेशावर जा रही थी। बचाव अधिकारियों ने बताया कि 13 कोच की तलाशी हो चुकी है। एक कोच में बचाव कार्य किया जा रहा है।

एक यात्री ने पत्रकारों को बताया कि दुर्घटना से पहले रोहरी के पास कर्मचारियों ने कोच नंबर नौ के नट-बोल्ट कसे थे। प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने घटना का संज्ञान लिया और दुर्घटना में घायल यात्रियों के प्रति चिंता व्यक्त की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को बचाव कार्यों में तेजी लाने और यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि घायलों को बिना किसी देरी के सर्वोत्तम संभव चिकित्सा मिले।

एक्सप्रेस के पटरी से उतरने का कारण अभी आधिकारिक तौर पर पता नहीं चल पाया है। उम्मीद है कि बचाव कार्य आगे बढ़ने के साथ पाकिस्तान रेलवे और संबंधित अधिकारी और जानकारी देंगे। इससे पहले अगस्त 2023 में सिंध के नवाबशाह के पास हजारा एक्सप्रेस के पटरी से उतरने से कम से कम 30 लोगों की मौत हो गई और 100 से ज्यादा लोग घायल हो गए थे।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकुंद