पाकिस्तान के खैबर पख्तनूख्वा में मस्जिद में धमाका, 15 लोगों की मौत

 




इस्लामाबाद, 18 सितंबर (हि.स.)। पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में शुक्रवार की नमाज के दौरान एक मस्जिद के करीब जोरदार धमाका हुआ। इसमें कम-से-कम 15 लोगों की मौत हो गई, जबकि 50 से ज्यादा लोग घायल हो गए। घायलों को अस्पतालों में भर्ती कराया गया है और घटनास्थल पर राहत एवं बचाव कार्य चलाया गया। घायलों में कुछ पुलिसकर्मी भी हैं।

पाकिस्तान के जिओ न्यूज के मुताबिक खैबर पख्तूनख्वा के कोहाट जिले के पुलिस लाइंस इलाके में एक मस्जिद के पास हुए धमाके में कम-से-कम 15 लोगों की मौत हो गई और 50 से ज्यादा लोग घायल हो गए। जिला मुख्यालय अस्पताल के एमएस ताहिर अली शाह ने जियो न्यूज को बताया कि धमाके के बाद 15 शव और 50 से ज्यादा घायल लोगों को अस्पताल लाया गया।पुलिस के मुताबिक, धमाका शुक्रवार की नमाज के दौरान हुआ और इससे मस्जिद के बाहर एक गड्ढा बन गया; घायलों में पुलिसकर्मी भी शामिल थे। उन्होंने बताया कि धमाके के बाद पुलिस लाइंस में अतिरिक्त फोर्स तैनात की गई। बचाव कर्मियों के मुताबिक धमाके से मस्जिद का बाहरी हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और एक दीवार भी गिर गई। अस्पताल प्रशासन ने बताया कि इलाज के लिए कम-से-कम 25 घायलों को अस्पताल लाया गया।

इंस्पेक्टर जनरल ऑफ पुलिस जुल्फिकार हमीद ने बताया कि धमाके से पहले विस्फोटक से लदी एक गाड़ी पुराने पुलिस लाइंस गेट से टकराई थी। आईजीपी हमीद ने बताया, गाड़ी गेट से टकराई और फिर उसमें धमाका हुआ, साथ ही गोलीबारी भी हुई।

उन्होंने कहा कि धमाका एक आत्मघाती हमला था और गोलीबारी के दौरान स्पेशल ब्रांच की इमारत में एक और आत्मघाती धमाका हुआ। आईजीपी हमीद ने रीजनल पुलिस ऑफिसर, कोहाट से रिपोर्ट मांगी है।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव पाश