कीव को बंदूकधारी ने दहलाया, पांच लोगों को भूना, 15 घायल

 




कीव, 19 अप्रैल (हि.स.)। यूक्रेन की राजधानी कीव में शनिवार को स्वचालित हथियार से लैस एक व्यक्ति ने जमकर खूनखराबा किया। सड़क पर जो भी दिखाई दिया, उसे गोलियों से भून दिया। इसके बाद बंदूक लहराता हुआ सुपर मार्केट में घुस गया और कुछ लोगों को बंधक बना लिया। विरोध करने पर एक व्यक्ति को गोली मार दी। इस व्यक्ति ने करीब एक घंटे तक पुलिस को छकाया। इस गोलीबारी में कम से कम पांच लोगों की मौत हो गई और 15 अन्य घायल हो गए। पुलिस ने सभी बंधकों को छुड़ा लिया है। इस अभियान में यह नरभक्षी भी मारा गया।

अमेरिकी न्यूज चैनल सीएनएन की रिपोर्ट के अनुसार, यूक्रेन के अटॉर्नी जनरल रुस्लान क्रावचेंको ने इस घटना की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि मॉस्को में जन्मे इस व्यक्ति की आयु 58 वर्ष थी। पुलिस ने सुपर मार्केट में उसे मार गिराने में सफलता हासिल की। सभी बंधकों को रिहा करा लिया गया। क्रावचेंको ने बताया कि अधिकारी इस अपराध के हालात और इसके पीछे के मकसद का पता लगाने में जुटे हैं। वह इसे एक आतंकवादी घटना के तौर पर भी देख रहे हैं। क्रावचेंको ने बताया कि इस व्यक्ति ने कीव के होलोसीव्स्की जिले की एक सड़क पर गोलीबारी की। इस गोलीबारी में चार लोगों की मौत हो गई। इसके बाद वह सुपर मार्केट में घुस गया। कुछ लोगों को बंधक बनाकर एक व्यक्ति की हत्या कर दी। क्रावचेंको ने बताया कि बंदकूधारी ने एक स्वचालित हथियार का इस्तेमाल किया।

कीव के मेयर विटाली क्लित्स्को के अनुसार, 15 घायलों में नौ का अस्पतालों में इलाज चल रहा है। छह लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। यूक्रेन के आंतरिक मामलों के मंत्री इहोर क्लिमेंको ने बताया कि बंधकों को छुड़ाने के लिए नेशनल पुलिस की रैपिड रिस्पॉन्स यूनिट की मदद लेनी पड़ी। यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की ने कहा कि जांचकर्ता फिलहाल उसके बारे में हर मुमकिन जानकारी जुटाने और यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि उसने ऐसा क्यों किया। जेलेंस्की ने बताया कि बंदूकधारी यूक्रेन के दोनेत्स्क इलाके में काफी समय से रह रहा था। जिस अपार्टमेंट में शूटर के रहने का पता दर्ज था, हमले के लगभग उसी समय उसमें भीड़ ने आग लगा दी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकुंद