अमेरिकी प्रतिनिधि सभा में रक्षा सचिव पीट हेगसेथ के खिलाफ महाभियोग प्रस्ताव खारिज
वाशिंगटन (अमेरिका), 11 नवंबर (हि.स.)। अमेरिकी संसद के निचले सदन प्रतिनिधि सभा (हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स) में मंगलवार को ग्रैंड ओल्ड पार्टी (रिपब्लिकन) प्रतिनिधि थॉमस मैसी का रक्षा सचिव (बदला पदनाम युद्ध सचिव) पीट हेगसेथ के खिलाफ महाभियोग प्रस्ताव खारिज हो गया। यह मुख्य रूप से ईरान के साथ चल रहे युद्ध को लेकर था। हाउस ने 211 के मुकाबले 204 वोटों से इस प्रस्ताव को न्यायपालिका समिति के पास भेजने का फैसला किया। इसी के साथ इस प्रस्ताव ने अपना प्रभाव खो दिया।
सीबीएस न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, मैसी अकेले ऐसे रिपब्लिकन हैं जिन्होंने सभी डेमोक्रेट्स के साथ मिलकर इसके खिलाफ वोट दिया। मतदान के बाद मैसी ने कहा, मुझे हैरानी नहीं हुई, लेकिन निराशा जरूर हुई। कांग्रेस के बारे में मेरा आकलन यह है कि ये लोग जानते हैं कि क्या करना चाहिए। बस वे ऐसा करने की हिम्मत नहीं जुटा पाते, भले ही ऐसा करने से उन्हें राजनीतिक फायदा ही क्यों न हो।
केंटकी के रिपब्लिकन मैसी ने सोमवार को कहा था कि वह हेगसेथ के खिलाफ महाभियोग का कोई और प्रस्ताव नहीं लाएंगे। इस साल की शुरुआत में प्राइमरी चुनाव हारने के बाद वह जनवरी की शुरुआत में रिटायर हो रहे हैं। डेमोक्रेट्स अभी भी इस मुद्दे को आगे बढ़ा सकते हैं, खासकर तब जब जनवरी में दोनों सदनों (हाउस और सीनेट) पर उनका नियंत्रण वापस आ जाएगा। हाउस में अल्पसंख्यक नेता (माइनॉरिटी लीडर) और न्यूयॉर्क के डेमोक्रेट हकीम जेफ़रीज ने कहा, यह अंत नहीं है। यह तो बस शुरुआत है।
मैसी ने कहा कि अब वह 'युद्ध शक्तियों' (वॉर पावर्स) से जुड़े एक प्रस्ताव पर मतदान कराने की योजना बना रहे हैं। मैसी ने कहा, हम देखेंगे कि वे सभी रिपब्लिकन, जिन्होंने कहा था कि 'अरे, हम युद्ध की वजह से चुनाव हार गए', क्या वे अब भी इसके पक्ष में वोट देते हैं? महाभियोग प्रस्ताव में हेगसेथ पर कई आरोप लगाए गए थे। इनमें शामिल हैं- कांग्रेस की मंजूरी के बिना ईरान के साथ युद्ध शुरू करके अपने पद का दुरुपयोग करना, नागरिकों के नुकसान को कम करने के लिए बने कानूनों की अनदेखी करना, कैरेबियन में पेंटागन के बोट हमलों के दौरान गैर-न्यायिक हत्याओं का निर्देश देना, वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो के अपहरण का आदेश देना और डेमोक्रेटिक सीनेटर मार्क केली के खिलाफ बदले की कार्रवाई करना।
हेगसेथ ने मंगलवार सुबह प्रेस कॉन्फ्रेंस में महाभियोग की कोशिश की निंदा की और इसे एक तमाशा और राजनीतिक दिखावा बताया। हेगसेथ ने तर्क दिया, इनमें से कोई भी गंभीर अपराध या कदाचार नहीं है। ये केवल पक्षपातपूर्ण नीतिगत असहमति हैं, जो उन लोगों की तरफ से आ रही हैं जो हमारी सेना का राजनीतिकरण करना चाहते हैं। राष्ट्रपति ट्रंप ने महाभियोग की कोशिश का मज़ाक उड़ाते हुए कहा कि यह बुरी तरह से फेल हो गई है!
अमेरिकी इतिहास में अब तक केवल दो कैबिनेट सचिवों पर महाभियोग चलाया गया है। 1876 में भ्रष्टाचार के एक मामले को लेकर युद्ध सचिव (सेक्रेटरी ऑफ वॉर) विलियम बेलनैप पर महाभियोग चलाया गया था और 2024 में दक्षिणी सीमा को संभालने के तरीके को लेकर होमलैंड सिक्योरिटी सचिव एलेजांद्रो मायोर्कास पर महाभियोग चलाया गया। सीनेट ने बेलनैप को बरी कर दिया, जबकि मायोर्कास के खिलाफ लगे आरोपों को खारिज कर दिया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकुंद