अमेरिका में बर्फीला तूफान, न्यूयॉर्क में 50 सेमी. बर्फबारी, संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय बंद

 




- अमेरिका के न्यूयॉर्क शहर और देश के उत्तर-पूर्वी हिस्सों में सड़कें, स्कूल बंद, बिजली गुल

वाशिंगटन, 24 फरवरी (हि.स.)। अमेरिका के न्यूयॉर्क शहर और देश के उत्तर-पूर्वी हिस्सों में सोमवार को बर्फीले तूफान से कहर बरपा है। न्यूयॉर्क 50 सेंटीमीटर बर्फ गिरी है। इससे लाखों लोग प्रभावित हुए हैं। स्कूलों को बंद कर दिया गया। बिजली आपूर्ति रोक दी गई है। सड़क परिवहन बंद है। आज लगभग 5,000 उड़ानों को रद्द कर दिया गया है। शनिवार से मंगलवार तक 10 हजार से ज्यादा उड़ानों को रद्द किया जा चुका है।

सीबीसी की रिपोर्ट के अनुसार सोमवार को उत्तर पूर्वी अमेरिका में जबरदस्त बर्फबारी हुई। इससे लाखों लोग फंस गए। मैरीलैंड से लेकर मेन तक के इलाके भारी बर्फ की चादर में ढक गए हैं। मंगलवार के लिए 1,300 से अधिक उड़ानें पहले ही रद्द की जा चुकी हैं। इससे हजारों यात्री फंस गए हैं। बर्फबारी से न्यूयॉर्क के जेएफके, लागुआर्डिया और बोस्टन के लोगान हवाई अड्डा सबसे ज्यादा प्रभावित हुए हैं।

अधिकारियों ने डेलावेयर से मैसाचुसेट्स तक आपात स्थिति घोषित की है। लाखों लोग बिन बिजली के रहने को मजबूर हैं। राष्ट्रीय मौसम सेवा ने सोमवार को चेतावनी दी कि खतरनाक हालात बने रह सकते हैं। विभाग ने कहा, भारी बर्फबारी और तेज हवाओं के कारण उत्तर-पूर्वी समुद्र तट पर बर्फीले तूफान की स्थिति बनी रहेगी। दृश्यता बहुत कम होने से इन इलाकों में सफर करना बहुत खतरनाक होगा।

मौसम वैज्ञानिकों ने इसे एक दशक का सबसे शक्तिशाली तूफान बताया है। वैज्ञानिकों ने इसे 'बम चक्रवात' नाम दिया है। 'बम चक्रवात तब होता है जब 24 घंटे की अवधि में तूफान का दबाव एक निश्चित मात्रा में गिर जाता है। यह मुख्य रूप से शरद ऋतु और सर्दियों में तब होता है जब आर्कटिक की बर्फीली हवा दक्षिण तक पहुंचकर गर्म तापमान से टकराती है। उधर, कई इलाकों में दो फीट (60 सेंटीमीटर) से ज्यादा बर्फबारी हुई है। रोड आइलैंड के वारविक में तो तीन फीट से ज्यादा बर्फ गिरी है। तेज हवाओं और भारी बर्फबारी के कारण न्यूयॉर्क, न्यू जर्सी और मैसाचुसेट्स समेत कई राज्यों में आपातकाल घोषित कर दिया गया है।

न्यूयॉर्क सिटी और बोस्टन ने सोमवार के लिए पब्लिक स्कूल की कक्षा रद्द कर दीं।फिलाडेल्फिया ने ऑनलाइन पढ़ाई का विकल्प चुना है। न्यूयॉर्क के मेयर जोहरान ममदानी ने इसे 2019 के बाद के पुराने जमाने का स्नो डे कहा है। उन्होंने कहा, पूरे न्यूयॉर्क सिटी के बच्चे और लोग आराम से घर पर रहें। फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट के मुताबिक, सोमवार को अमेरिका आने-जाने वाली 5,000 से अधिक फ्लाइट्स कैंसिल कर दी गई हैं।

रोड आइलैंड के टीएफ. ग्रीन इंटरनेशनल हवाई अड्डा ने सोमवार को घोषणा की कि वह कुछ समय के लिए हवाई अड्डा के सभी ऑपरेशन बंद कर रहा है। कनाडा के हवाई अड्डा के अधिकारियों ने यात्रियों से कहा कि वह अपनी फ्लाइट्स का स्टेटस जानकर ही अगली योजना बनाएं। हैं।

न्यूयॉर्क शहर में कई सब-वे लाइनों में रेलगाड़ी देरी से चल रही हैं। लॉन्ग आइलैंड रेल मार्ग को अगली सूचना तक पूरी तरह से रोक दिया गया है। न्यूयॉर्क शहर और उसके आसपास के इलाकों के बीच कुछ मेट्रो-नॉर्थ कम्यूटर ट्रेनें एक घंटे तक देरी से रवाना हुईं। न्यू जर्सी ट्रांज़िट ने बस और रेल सर्विस को अगली सूचना तक के लिए रोक दिया है। अमेरिका के पॉवर आउटेज के अनुसार, तूफान की वजह से की गई बिजली कटौती के कारण सोमवार सुबह ईस्ट कोस्ट पर 500,000 से ज्यादा ग्राहक अंधेरे में रहे।

न्यूयॉर्क की गवर्नर कैथी होचुल ने कहा कि बिजली आपूर्ति बहाल करने की कोशिश की जा रही है। तेज गति से चल रही हवाएं बर्फ हटाने के काम में बाधा पहुंचा रही हैं। राष्ट्रीय मौसम सेवा ने कहा कि तेज बर्फीली हवा के झोंकों से स्थिति में जल्द बदलाव संभव नहीं है। मौसम सेवा के बोस्टन ऑफिस के मौसम विज्ञानी ब्राइस विलियम्स ने कहा, ऐसी हवाएं, भारी, गीली बर्फ के साथ मिलकर, पेड़ों को नुकसान पहुंचा सकती हैं और लंबे समय तक बिजली गुल हो सकती है। न्यूयॉर्क में सोमवार को म्यूजियम ऑफ मॉडर्न आर्ट से लेकर वाशिंगटन में आर्लिंगटन नेशनल सिमेट्री तक कई सांस्कृतिक कार्यक्रम स्थगित कर दिए गए।

एक अन्य रिपोर्ट के अनुसार, तूफान का असर इतना ज्यादा है कि संयुक्त राष्ट्र को अपनी सुरक्षा परिषद की बैठक स्थगित करनी पड़ी और मुख्यालय को बंद करना पड़ा। न्यूयॉर्क शहर में छह साल में पहली बार बर्फबारी के कारण स्कूल बंद किए गए हैं। परिवहन व्यवस्था चरमरा गई है। डोरडैश जैसी डिलीवरी सेवाओं ने भी अपना काम रोक दिया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकुंद