यमन के राष्ट्रपति महल पर हूती का हमला, प्रधानमंत्री बाल-बाल बचे, पांच की मौत, 16 घायल

 




अदन (यमन)/रियाद (सऊदी अरब), 16 अक्टूबर (हि.स.)। ईरान समर्थक आतंकी समूह हूती ने देश के अदन शहर में अल-माशिक राष्ट्रपति महल को निशाना बनाया है। इस हमले में पांच लोगों की मौत हो गई और 16 लोग अन्य घायल हो गए। यमन के स्वास्थ्यमंत्री कासिम मोहम्मद बुहैबेह ने इसकी पुष्टि की। देश में इस समय हूती और सरकारी बलों के बीच घमासान मचा हुआ है। यमन सरकार का कहना है कि अदन के अल-माशिक राष्ट्रपति भवन पर हुए हूती के मिसाइल हमले में प्रधानमंत्री और मंत्रिमंडल के सदस्य बाल-बाल बच गए।

अल जजीरा की रिपोर्ट के अनुसार, हूती प्रवक्ता याह्या सारी ने गुरुवार को हुए इस हमले की जिम्मेदारी ली। उन्होंने कहा, अदन में सऊदी दुश्मन के युद्ध संचालन मुख्यालय पर बमबारी, सऊदी की गतिविधियों को कहीं भी निशाना बनाने की हमारी घोषित नीति का हिस्सा है। हम सऊदी दुश्मन की किसी भी सैन्य मौजूदगी को चाहे वह कहीं भी हो अपने खिलाफ मानते हैं।

यमन की राष्ट्रपति नेतृत्व परिषद के अध्यक्ष रशाद अल-अलीमी ने इस हमले को यमन और सऊदी अरब में हवाई अड्डों और तेल सुविधाओं पर हुए हमलों की शृंखला बतायाहै। अल-अलीमी ने सरकारी बलों को निर्देश दिया है कि वे सरकारी संस्थानों की सुरक्षा के लिए जरूरी कदम उठाएं। उन्होंने कहा कि इस महीने शुरू किया गया यमन उदय अभियान अपने लक्ष्य की ओर बढ़ रहा है। इसका उद्देश्य सरकारी संस्थानों को बहाल करना और पूरे राष्ट्रीय क्षेत्र में सरकारी अधिकार का विस्तार करना है, ताकि राजधानी सना तक पहुंचा जा सके।

अल अरबिया के अनुसार, यमन के युवा मामलों के मंत्री नायेफ सालेह अल-बकरी ने बताया कि अदन में मौजूद सभी मंत्री सुरक्षित हैं। उन्होंने कहा कि इस हमले के बाद भी प्रधानमंत्री और उनके मंत्रिमंडल के सहयोगी अदन छोड़कर नहीं जाएंगे। इस बीच, यमन की सरकारी सेना ने दावा किया है कि पिछले 24 घंटों में उन्होंने हूती ठिकानों पर 1,250 हमले किए हैं। सरकारी बलों के प्रवक्ता माजेद अल-नुजैली ने एक्स पर कहा कि इन अभियान में लड़ाकू विमानों, ड्रोन, तोपखाने और रॉकेट लॉन्चरों का इस्तेमाल किया गया। हूती के 150 वाहनों को नेस्तनाबूद कर दिया गया। इन हमलों से हूती को ताइज में बड़ा नुकसान हुआ है।

सऊदी अरब ने हूती पर युद्ध अपराध का आरोप मढ़ा है। उसने आरोप लगाया है कि हूती विद्रोही मुसलमानों के पवित्र स्थलों और तीर्थयात्रियों को खतरे में डाल रहे हैं। इस बीच सऊदी अरब में अमेरिकी दूतावास ने सऊदी हवाई अड्डों पर संभावित हमलों को लेकर चेतावनी जारी की है और अपने कर्मचारियों की यात्रा पर रोक लगा दी है। इस बीच यमन के ताइज में धी अल-बारीह और जाबा में हूती ठिकानों को निशाना बनाकर दो हवाई हमले किए गए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकुंद