यमन में हूतियों के खिलाफ 723 सैन्य हमले, 123 कमांडर और लड़ाके मारे जाने का दावा
सना, 29 नवंबर हि.स.)। यमन की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त सरकार की सेना ने हूती विद्रोहियों के खिलाफ बड़े पैमाने पर सैन्य अभियान चलाने का दावा किया है। सेना के प्रवक्ता माजिद अल-नजिली के अनुसार, पिछले कुछ घंटों के दौरान देशभर में हूतियों के ठिकानों पर 723 हमले किए गए। इन कार्रवाइयों में विद्रोही समूह के 123 कमांडर और लड़ाके मारे गए या निष्क्रिय कर दिए गए, जबकि 72 वाहन और सैन्य संसाधन नष्ट अथवा क्षतिग्रस्त हुए।
अल-नजिली ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर जारी बयान में कहा कि सेना की कार्रवाई में हूतियों के ठिकानों, उनके जमावड़ों, सैन्य सहायता पहुंचाने वाले काफिलों और किलेबंद स्थानों को निशाना बनाया गया। उन्होंने दावा किया कि इन हमलों से विद्रोही समूह को भारी नुकसान पहुंचा है।
सेना के प्रवक्ता ने हूती विद्रोहियों पर ताइज शहर में ड्रोन हमला कर तीन नागरिकों की हत्या करने का भी आरोप लगाया। उनके अनुसार, मृतकों में 10 साल का एक बच्चा भी शामिल है। इसके अलावा, ताइज के दक्षिण में स्थित अल-अकरुद गांव में मोर्टार हमले में एक महिला घायल हो गई।
-----------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय